कैंसर पीड़ितों की मौत को हादसा दिखाकर क्लेम हड़पने के मामले में हेड कांस्टेबल सस्पेंड

11/23/2020 1:19:14 PM

सोनीपत (ब्यूरो): कैंसर पीड़ितों की मौत के बाद उसे हादसा दिखाकर क्लेम लेने के मामले में एस.टी.एफ. द्वारा गिरफ्तार किए गए हेड कांस्टेबल बलबीर को एस.पी. जश्नदीप सिंह रंधावा ने बर्खास्त कर दिया है। मामले में हेड-कांस्टेबल का नाम आने के बाद उसकी जांच चल रही थी। जानकारी के अनुसार बीमा कम्पनी के अधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर कैंसर पीड़ितों की मौत को हादसा दिखाकर क्लेम लेने की शिकायत दी थी। 

इस पर एस.टी.एफ. ने अप्रैल, 2019 में गिरोह के सरगना पवन समेत 3 को काबू किया था। इसके बाद से मामले में एस.टी.एफ. ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों व जांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। डॉक्टरों व पुलिस कर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने मिलीभगत से पोस्टमार्टम कराए और कागजात तैयार किए। मामले में अगस्त, 2019 में एस.टी.एफ. ने एच.सी. बलबीर को काबू किया था। 

एस.टी.एफ. ने बताया था गिरोह का सरगना पवन ए.एस.आई. से लेकर डाक्टरों तक को अपनी जेब से ही एडवांस में रुपए देता था। अब इस मामले में एच.सी. बलबीर को बर्खास्त कर दिया गया है। वह घटना के समय सिक्का कालोनी चौकी में कार्यरत थे।

vinod kumar