नेतृत्व परिवर्तन पर तंवर बोलें-मैं ऐसा पुर्जा जो कहीं भी फिट हो जाए

5/15/2017 12:15:40 PM

पानीपत (अनिल कुमार):सांसद राजकुमार सैनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व आर.एस.एस. के इशारे पर बोल रहे हैं। सैनी ने ही हरियाणा का माहौल खराब किया हुआ है। मेरे बारे में बोलने से पहले सैनी को अपने पर हुए हमलों के बारे में सोचना चाहिए और सांसद पद से इस्तीफा देना चाहिए। ये बातें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह कादियान बिल्लू के सिवाह गांव स्थित यश फार्म पर पत्रकारों के साथ बातचीत में कहीं।

नेतृत्व परिवर्तन पर उन्होंने कहा कि प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी मुझे जो जिम्मेदारी देती है, मैं उसे बखूबी निभाता हूं। उन्होंने कहा कि मैं ऐसा पुर्जा हूं, जो कहीं भी फिट हो सकता हूं। उन्होंने कहा कि लोगों को गाय, कुत्ता पाल लेना चाहिए लेकिन अच्छे दिनों की गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए। जी.एस.टी. लोगों के साथ खिलवाड़ है। एस.वाई.एल. मामले पर केंद्र व हरियाणा गंभीर नहीं है। गवाल पहाड़ी मामले में सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रक्रिया के तहत ही कोई पूर्व सांसद या पूर्व विधायक शामिल हो सकता है। राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि राज्यों में होने वाले चुनाव से भाजपा डरी हुई है तथा इन्हीं राज्यों के साथ लोकसभा चुनाव करवाना चाहती है।

एक सवाल के जवाब में तंवर ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर गए नेता वापस आने के लिए तैयार हैं। ऐसे नेताओं का भाजपा में दम घुट रहा है। उन्होंने कहा कि इनैलो की राजनीति खत्म हो चुकी है, यह मैं नहीं बल्कि जनता कह रही है। सी.बी.आई. द्वारा की जा रही कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि यह सब राजनीतिक षड्यंत्र है। इस मौके पर पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह कादियान ने कहा कि पानीपत में 4 विधायक होने के बाद भी आज तक शूगर मिल का कार्य शुरू नहीं हो पाया।