काम पर निकले SPO की गोली मारकर हत्या, लेन-देन के विवाद में दिया वारदात को अंजाम

11/23/2017 3:34:13 PM

जींद(सुनील मराठा): जींद सी.आई.ए. स्टाफ में तैनात एस.पी.ओ. की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को पैसे के लेन-देन से जोड़कर देखा जा रहा है। सदर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रूपगढ़ गांव का जसबीर सिंह हरियाणा औद्योगिक सुरक्षा बल में भर्ती हुआ था। बाद में यह भर्ती रद्द हो गई और जसबीर ने किसी के साथ मिलकर शराब का काम शुरू किया। इसके बाद वह पुलिस विभाग में एस.पी.ओ. के पद पर भर्ती हो गया और उसकी नियुक्ति जींद सी.आई.ए. स्टाफ में थी। जसबीर सरकारी काम से बाइक पर निकला। जब वह जींद की तरफ आ रहा था तो रूपगढ़ व कैरखेड़ी गांव के बीच हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। इसमें जसबीर को 2 गोलियां लगी और हमलावर फरार हो गए।

सूचना पाकर एस.एच.ओ. सदर दिनेश कुमार और सी.आई.ए. प्रभारी सुरेंद्र कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश में नाकेबंदी कर दी। घायल जसबीर को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात में शराब ठेकेदार का हाथ
सी.आई.ए. प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि एस.पी.ओ. जसबीर की हत्या में शराब ठेकेदार बिजेंद्र व उसके साथियों का हाथ बताया जा रहा है। पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था और यही विवाद जसबीर की हत्या की वजह बना। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।