राई स्पोर्ट्स स्कूल मामला: खेल मंत्री अनिल विज ने भारती अरोड़ा को दी क्लीनचिट

12/5/2017 12:41:20 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो):सोनीपत के राई स्पोर्ट्स स्कूल में कथित अनियमितताओं के मामले में सी.ए.जी. से क्लीनचिट मिलने के बाद अब खेल मंत्री अनिल विज ने भी पूर्व प्राचार्य एवं आई.पी.एस. अधिकारी भारती अरोड़ा की प्रशंसा की है। विज ने कहा कि पिछले 2-3 वर्षों में स्पोर्ट्स स्कूल में अच्छा काम किया गया है, जिसके फलस्वरूप सी.बी.एस.ई., आई.सी.एस.ई., बोर्डिंग तथा आर्मी से संबंधित 1355 स्कूलों पर किए गए सर्वे में मोती लाल खेल विद्यालय राई को देश में 8वां स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि हरियाणा में इसे पहला स्थान मिला है। इसके लिए स्कूल की तत्कालीन प्राचार्या एवं निदेशक भारती अरोड़ा एवं स्कूल प्रबंधन बधाई की पात्र हैं। विज ने इशारों-इशारों में यह भी कहा कि भारती पर जो आरोप लगाए जा रहे थे वह पूरी तरह से निराधार हैं। बिना नाम लिए विज ने इसके पीछे एक मंत्री की सियासत करार दिया।

गौरतलब है कि राई स्पोर्ट्स स्कूल में कथित अनियमितताओं के मामले में खेल मंत्री ने कड़ा स्टैंड लेते हुए स्कूल के वित्तीय मामले की ऑडिट करने वाली टीम के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। इस मामले में सरकार के एक मंत्री के साथ विज की लंबे समय तक तल्खी भी रही। भारती ने कांग्रेस सरकार के कई चहेतों पर शिकंजा भी कसा था। फिलहाल इस मामले में राई स्कूल स्पोर्ट्स की प्राचार्य एवं आई.पी.एस. अधिकारी भारती अरोड़ा को सी.ए.जी. की जांच से क्लीनचिट मिल चुकी है। जबकि मुख्य सचिव डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता वाली एक जांच अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। भारती अरोड़ा लंबे समय तक अवकाश पर गई हैं जहां अब सोनीपत के डी.सी. को कार्यवाहक प्राचार्य बनाया गया है।

स्पोर्ट्स  स्कूल में शीघ्र की जाएगी नए प्राचार्य की नियुक्ति : विज
खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्पोर्ट्स स्कूल राई में शीघ्र ही नए प्राचार्य की नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। खेल मंत्री ने कहा कि पूर्व प्राचार्य भारती के कार्यकाल के दौरान स्कूल में किसी प्रकार की खामियां नहीं पाई गई, जिसको महालेखाकार हरियाणा ने भ्रष्टाचार, गबन तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होने संबंधी क्लीनचिट दी है। उन्होंने कहा कि स्कूल में कांग्रेस शासन के दौरान अनेक अनियमितताएं की गई थी, जिसकी जांच होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।