निलंबित कुश्ती संघ ने दिखाई 'आंख' और चैंपियनशिप का किया ऐलान, WFI पर खेल मंत्रालय ने लिया बड़ा एक्शन

1/8/2024 5:48:59 PM

पानीपतः भारतीय कुश्ती संघ को लेकर चल रही जंग अब त्रिकोणीय हो गई है। चुनाव के बाद नव निवार्चित अध्यक्ष संजय सिंह सहित पूरे कुश्ती संघ को ही खेल मंत्रालय ने भंग कर दिया था। अब खेल मंत्रालय व संजय सिंह आमने सामने हो गए हैं। दरअसल संजय सिंह ने भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन की नेशनल चैंपियनशिप की घोषणा के बाद संघ द्वारा भी राष्ट्रीय चैंपियनशिप की घोषणा कर दी है।

जिसके बाद एक्शन में आए खेल मंत्रालय ने एक लेटर जारी कर स्पष्ट किया है कि निलबिंत भारतीय कुश्ती महासंघ के पास चैंपियनशिप आयोजित कराने का कोई अधिकार नहीं है। इसके साथ ही लेटर में लिखा गया है कि निलंबित संघ द्वारा आयोजित किसी भी प्रतियोगिता को अस्वीकृत व  मान्यता नहीं माना जाएगा। पहलवानों को जीतने का कोई भी सरकारी लाभ नहीं मिलेगा।

संजय सिंह की घोषणा से जुड़े पत्र को सोशल मीडिया के एक्स पर शेयर कर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कैप्टन वीरेन रसकिन्हा ने लिखा है कि उन्हें बहुत दु:ख हो रहा है। उनकी इस पोस्ट को रेसलर विनेश फोगाट ने भी शेयर किया है।

 

संजय सिंह द्वारा सर्कुलर में लिखा है कि सभी को सूचित किया जाता है कि नेशनल चैम्पियनशिप 2023 जो महाराष्ट्र के अहमदनगर में 28 से 30 जनवरी को होनी थी, अब वह प्रतियोगिता और उसका स्थान बदल गया है। अब यह चैम्पियनशिप 29 से 31 जनवरी 2024 को स्व. वितहोबा मारूती पतहारे स्टेडियम, खरादी, पुणे महाराष्ट्र में होगी।

गौरतलब है कि खिलाड़ियों की नाराजगी को देखते हुए कुश्ती महासंघ को चुनाव के 3 दिन बाद खेल मंत्रालय ने कई अनियमितताओं का हवाला देकर भंग कर दिया था। इसके बाद भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन ने भूपिंदर सिंह बाजवा की अगुवाई में तीन सदस्यीय एडहॉक कमेटी गठित की। जिसमें ओलिंपियन एमएम सोमाया और बैडमिंटन खिलाड़ी मंजूषा कंवर शामिल हैं। इस तीन सदस्यीय कमेटी ने 30 दिसंबर को 2 से 5 फरवरी तक राष्ट्रीय चैम्पियनशिप कराने की घोषणा की, साथ ही सभी राज्य संघों को हिदायत दी कि वे निलंबित महासंघ से वास्ता नहीं रखें।

खेल मंत्रालय द्वारा गठित कुश्ती संघ की एडहॉक कमेटी ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के बाद राष्ट्रीय कैंप का भी ऐलान कर दिया है। यह कैंप 9 फरवरी से आयोजित किया जाएगा। जहां पुरुष वर्ग का कैंप साई सेंटर सोनीपत में आयोजित होगा तो वहीं महिला कैंप के लिए पटियाला जाना होगा। यह कैंप ओलिंपिक तक निरंतर चलेगा।

एडहॉक कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बाजवा ने कहा कि पिछले एक साल से विभिन्न कारणों के चलते भारतीय कुश्ती प्रभावित रही। हमारी कोशिश है कि नए वर्ष में ऐसी स्थिति न बने। नेशनल कैंप की शुरुआत होगी। कैंप के दौरान सबसे पहली प्राथमिकता 19 से 21 अप्रैल तक कजाकिस्तान में होने वाले ओलिंपिक क्वालिफाइ टूर्नामेंट में अधिक से अधिक कोटा जीतने के लिए बेहतर तैयारी की जाए।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal