हरियाणा में खिलाडिय़ों का बढ़ा सम्मान, खेलों को मिलेगी मजबूती : संदीप सिंह

12/26/2020 9:54:52 AM

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के खेल और युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सुशासन दिवस पर हरियाणा सरकार ने अर्जुन, द्रोणाचार्य, भीम व ध्यानचंद अवार्डियों को नई सौगात दी है। प्रदेश में 104 अवार्डियों को 20 हजार रुपए और 130 अवार्डियों को 5 हजार रुपए प्रतिमाह सम्मान राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 25 दिसम्बर को सुशासन दिवस पर इसकी घोषणा की है। 

खेलमंत्री संदीप सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की इस घोषणा से खिलाडिय़ों का सम्मान बढ़ा है। इस घोषणा से प्रदेश में खेलों को ओर मजबूती मिलेगी। अर्जुन, द्रोणाचार्य व ध्यानचंद अवार्डी विजेताओं को अब 5 हजार रुपए की बजाय प्रतिमाह 20-20 हजार रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। वहीं केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले साहसिक पुरस्कार के विजेताओं को भी 20 हजार रुपए का साहस सम्मान दिया है। केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाला साहसिक पुरस्कार केवल एक बार दिया जाता है। यही नहीं भीम अवार्डी विजेताओं का भी मुख्यमंत्री ने मान बढ़ाया है। उन्हें पुरस्कार के समय 5 लाख रुपए की राशि दी जाती थी, अब उन्हें प्रतिमाह 5 हजार रुपए भीम भत्ता दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अर्जुन अवार्ड का सम्मान 80 खिलाडिय़ों को मिला है। जबकि द्रोणाचार्य अवार्ड का सम्मान 15 प्रशिक्षकों-कोच को मिला है। इन सभी को प्रति माह 20-20 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। वहीं ध्यान चंद अवार्ड से 9 खिलाड़ी सम्मानित किए गए है, उन्हें भी प्रतिमाह 20 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। प्रदेश में 3 लोगों को साहसिक पुरस्कार मिला है, उन्हें भी 20 हजार रुपए दिए जाएंगे। खास बात यह है कि प्रदेश में भीम अवार्ड से सम्मानित सबसे ज्यादा 130 खिलाड़ी है, जिन्हें प्रदेश सरकार ने पहली बार नई सौगात दी है। भीम अवार्डियों को केवल पुरस्कार के समय एक बार 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाती थी। मगर अब उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से प्रति माह 5 हजार रुपए दिए जाएंगे। 

Manisha rana