अंगीठी से फैले धुएं से महिला की मौत

1/22/2017 4:38:42 PM

करनाल (नरवाल):शहर के दयानंद कालोनी स्थित एक घर में रखी अंगीठी से धुआं भर गया। इससे एक महिला की मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों की हालत बिगड़ गई। कल्पना चावला राजकीय मैडीकल कालेज एवं अस्पताल में बच्चों का इलाज चल रहा है और महिला का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। गरीब परिवार ठंड से बचाव के लिए अंगीठी का सहारा ले रहा था। दयानंद कालोनी वासी सरोज अपने 2 बेटे मनु (09) व अनुज (07) के साथ किराए के मकान में रहती थी। कैथल जिले के दनौली गांव वासी सरोज की शादी कैथल के ही कयोड़ा में ब्याही हुई थी। पति की मौत के बाद वह करनाल में एक साल से रह रही थी। सरोज मेहनत कर परिवार को संभाल रही थी। मनु चौथी कक्षा और अनुज द्वितीय कक्षा में पढ़ता है। 

शुक्रवार शाम को सरोज ने ठंड से बचाव के लिए अंगीठी में आग जला रखी थी। ट्यूशन से मनु और अनुज आए तो वह भी अंगीठी के पास बैठ गए। यहां से उठकर सरोज जाने लगी तो उसको चक्कर आने लगे और वह गिर गई। इससे बच्चों की भी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर महिला सरोज की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मनु और अनुज के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।

बंद कमरे में अंगीठी जलाना खतरनाक 
डाक्टरों ने बताया कि बंद कमरे में अंगीठी जलाना खतरनाक है। अंगीठी की आग से कार्बन-डाई-ऑक्साइड गैस बनती है और ऑक्सीजन कम पड़ जाती है। आक्सीजन न मिलने पर यह गैस जानलेवा साबित रहती है। लोगों से अपील है कि वह बंद कमरे में अंगीठी का उपयोग न करें।