कुछ लोग फैला रहे हैं भ्रम, खरीद के एक सीजन के बाद सामने आ जाएगा सच : मनोहर लाल

10/1/2020 8:27:30 AM

चंडीगढ़ (बंसल) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं और फसल खरीद के एक सीजन के बाद सच सामने आ जाएगा। किसान और कृषि से जुड़े मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग विरोध कर रहे हैं उनका किसानों से लेना-देना नहीं है। सिर्फ अपना राजनीतिक एजैंडा बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी और मंडियों में धान का उठान शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि आढ़तियों ने कमीशन बढ़ाने की मांग की है, जिसको लेकर एफ.सी.आई. को पत्र लिखा है और जल्द सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगर वहां से स्वीकृति मिल जाती है तो उसे तुरंत लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान, आढ़तियों और मिलर्स की मांगों पर बातचीत जारी है और कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल प्रदेश के किसानों की उपज मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल के मुताबिक खरीदी जा रही है और 5 अक्तूबर के बाद अन्य राज्यों से भी खरीद शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस शासित राज्यों में मक्का, बाजरा और सरसों की सरकारी खरीद नहीं होती तो फिर कांग्रेस कैसे किसानों का हित चाहती है। पूर्व सी.पी.एस. श्याम सिंह राणा द्वारा पार्टी छोडऩे के फैसले पर उन्होंने कहा कि इस मामले को संगठन देखेगा। नाराज पूर्व विधायकों की बैठक बुलाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनसे मिलकर बातचीत करेंगे और सभी मसलों पर चर्चा होगी। 

भाजपा प्रत्याशी चयन के लिए जल्द होगी चुनाव समिति की बैठक 
बरोदा उपचुनाव के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा-जजपा मिलकर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा प्रत्याशी चयन के लिए जल्द ही चुनाव समिति की बैठक होगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बरोदा में करवाए गए विकास कार्यों की बदौलत पार्टी की जीत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक सक्रिय नहीं थे, इसलिए विकास नहीं हुआ। 

बाबरी फैसला सत्यता की जीत 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबरी मस्जिद फैसला सत्यता की जीत है और इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने रामजन्म भूमि पर भी सत्यता की जीत का फैसला दिया था। उन्होंने कहा कि इस फैसले से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक तथ्य उजागर हुए हैं।
 

Manisha rana