राम मंदिर भूमिपूजन: ब्रह्मसरोवर की फिजा में महाआरती के समय गुंजायमान हुआ श्रीराम का नाम

8/6/2020 12:41:43 AM

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड़): श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन और शिलान्यास की खुशी को मनाने के लिए ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर महाआरती की गई। इस महाआरती के दौरान श्रीराम का जाप किया गया और इस जाप से ब्रह्मसरोवर की फिजा राममय हो गई। इस संध्या को राममय बनाने के लिए लॉकडाउन के बाद श्रीराम मंदिर के पूजन अवसर पर पहली महाआरती का आयोजन किया गया। 

महाआरती में सांसद नायब सिंह सैनी करनाल के सांसद संजय भाटिया, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने महाआरती में पूजा अर्चना की और दीपदान की रस्म को अदा किया। सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का दिन गौरवमयी और ऐतिहासिक है। देश के लोगों की कठिन तपस्या के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से यह दिन आया है। सांसद सैनी ने कहा कि यह गौरवमयी क्षण लम्बी जद्दोजहद के बाद मिले हैं। आज पूरे देशवासियों और संगठन के लोगों के मन का बोझ हल्का हुआ है।



वहीं ब्रह्मसरोवर के तट पर श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य शुरु होने की खुशी में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पौधारोपण कार्यक्रम में सांसद नायब सिंह सैनी, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश महामंत्री वेदपाल, म्हारा हरियाणा-हरा भरा हरियाणा के प्रदेश संयोजक डॉ. पवन सैनी, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, जिला वनमंडल अधिकारी विरेन्द्र गिल, वन अधिकारी शमशेर सिंह ने पिल्खन, शहतूत, नीम, वट और पीपल के पौधे रोपित किए। इन पौधों के पालन पोषण की व्यवस्था भी वन विभाग और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा की जाएगी ताकि जब ये पौधे पेड़ का रुप लेंगे तो श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य शुरु होने की यादों को हमेशा ताजा करते रहेंगे।

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या की भूमि पर श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया है। यह दिन ऐतिहासिक दिन है, आज इस खुशी को करोड़ों-करोड़ों लोग मना रहे हैं। आज के दिन सनातन संस्कृति को मानने वाले लाखों-करोड़ों लोगों की 500 साल पुरानी इच्छा भी पूरी हो गई है और श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरु होने से सभी का इंतजार भी खत्म हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साधु संतों ने श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास करके देशवासियों को बहुत बड़ी सौगात दी है।

Shivam