फील्ड की बजाय अब सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं हरियाणा के राजनेता

3/24/2020 11:20:24 AM

डेस्क : हरियाणा के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने जनता कफ्र्यू में जिस अनुशासन का परिचय दिया है, वह वाकई काबिले तारीफ है’ यह पोस्ट मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर शेयर की। कोरोना वायरस को लेकर सरकार की योजनाओं से लेकर कई तरह की जानकारियां मुख्यमंत्री सोशल मीडिया पर ही शेयर कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री सहित हरियाणा के तमाम राजनेताओं ने कोरोना वायरस के चलते अपने सभी राजनीतिक, सामाजिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और अब फील्ड की बजाय हरियाणा की सियासत सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल पिछले करीब 4 दिन से सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव हैं। वे कोरोना से संबंधित सतर्कता व निर्देश तो सोशल मीडिया पर सांझा कर रहे हैं और सरकारी गतिविधियों की भी जानकारी शेयर कर रहे हैं।  

उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज रणदीप सुर्जेवाला, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैल्जा, बिजली मंत्री रणजीत सिंह, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, इनैलो विधायक अभय सिंह चौटाला व पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु सहित कई बड़े चेहरे जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, अब फील्ड की राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं।

ये सभी नेता सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट शेयर कर रहे हैं। खास बात यह है कि रैलियों, कार्यक्रमों व जलसों के रद्द होने के बाद अब नेता सोशल मीडिया पर ही अपने सवाल दाग रहे हैं और अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। गौरतलब है कि हरियाणा में कई बड़े नेता सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के फेसबुक पेज को 6,47,309, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को 8,38,700, विधायक अभय सिह चौटाला को 3,96,500, कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज रणदीप सिंह सुर्जेवाला को 3,21,401 लोग फॉलो करते हैं। इसी प्रकार से नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को 9.38 लाख, सांसद दीपेंद्र हुड्डा को 8.88 लाख एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को 75,300 लोग फॉलो करते हैं। 
    

Isha