प्रदेश अध्यक्ष उदय भान व पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा ने BJP पर साधा निशाना, कहा- 2024 में बनेगी हमारी सरकार

6/4/2023 4:42:10 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक जिले के ओल्ड आईटीआई मैदान में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश स्तरीय संत कबीर जयंती का आयोजन किया गया। जयंती की अध्यक्षता कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष उदय भान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शिरकत की। दोनों ने अपने संबोधन में बीजेपी पार्टी पर निशाना साधा है और आह्वान किया कि जनता 2024 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार की विदाई तय करने में उनका सहयोग करें। 


उदय भान ने भारतीय जनता पार्टी पर साधा निशाना 

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने संत कबीर को महान समाज सुधारक बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संत कबीर के उपदेशों का अनुसरण करती है, वहीं भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में जातिवादी और भाईचारे को बांटने वाली राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने खिलाड़ियों के साथ जो व्यवहार किया है, वह शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र में भ्रष्टाचार चरम पर है। उदयभान ने कहा कि इस सरकार से हर वर्ग परेशान है और अब हरियाणा के लोगों ने मन बना लिया है कि 2024 में बीजेपी पार्टी की विदाई हो जाएगी और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। जबकि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा होंगे। उसके बाद गरीबों और दलितों को सम्मान के साथ हक भी मिलेगा।


वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सबसे पहले बालासोर रेल हादसे में मारे गए रेल यात्रियों को श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनका परिवार शुरू से ही देश और प्रदेश में भाईचारा कायम रखने का पक्षधर रहा है और यही काम लगभग 600 साल पहले संत कबीर ने किया है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संत कबीर के आदर्शों का अनुसरण किया है। इसके विपरीत आज भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में लोगों को जाति-पाति के नाम पर बांट रही है और भाईचारे को खराब कर देश और प्रदेश का माहौल खराब कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार 2024 में आती है तो वह अपने पिछले शासन की तरह गरीबों, वंचितों, किसानों और मजदूरों के लिए काम करेंगे। उन्होंने जनता से आगमी चुनावी वादे किए हैं कि किसान को उनकी लागत के अतिरिक्त 50% मुनाफा दिया जाएगा। गैस सिलेंडर 500रुपए में उपलब्ध कराया जाएगा और वृद्धावस्था पेंशन 6000रुपए दी जाएगी।  

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana