स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने गोदाम कीपर को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए किया काबू

5/28/2019 7:50:31 PM

जींद (जसमेर मलिक): स्टेट विजिलैंस ब्यूरो ने स्टेट वेयर हाऊस के गोदाम कीपर को परचेज की गई गेहूं की राशि कमीशन एजेंट को देने की एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। स्टेट विजिलैंस ब्यूरो ने गोदाम कीपर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। जानकारी के अनुसार राजपुरा भैण गांव के महेंद्र ने स्टेट विजिलैंस ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि गेहूं खरीद सीजन में उसने गांव में बनाए गए परचेज सैंटर पर स्टेट वेयर हाऊस के लिए खरीद की थी।



इसके चलते स्टेट वेयर हाऊस की तरफ 12 लाख रुपए की राशि के अलावा मजदूरी राशि भी बकाया थी। राशि का भुगतान करने के लिए स्टेट वेयर हाऊस के गोदाम कीपर विजय से संपर्क साधा तो उसने 20 हजार रुपए राशि की मांग की। 10 हजार रुपए की राशि वह विजय को दे चुका है, जबकि बकाया राशि का भुगतान के लिए 10 हजार रुपए की और मांग कर रहा है। शिकायत के आधार पर स्टेट विजिलैंस ब्यूरो ने छापामार टीम का गठन किया। इसमें नायब तहसीलदार कर्ण सिंह को डयूटी मैजिस्टेट नियुक्त किया गया, जबकि छापामार टीम की कमान निरीक्षक बलवान सिंह को सौंपी गई।



टीम में सब इंस्पैक्टर बलजीत सिंह, अनिल कुमार, ईश्वर, एएसआई बलजीत, हवलदार जगबीर शामिल हुए। छापामार टीम ने शिकायतकर्ता महेंद्र को 5 नोट 2-2 हजार के मैजिस्टेट से हस्ताक्षर करवा कर दे दिए। महेंद्र ने स्टेट वेयर हाऊस के गोदाम कीपर विजय से संपर्क साधा तो उसने हांसी रोड गोदाम पर बुला लिया। राशि सौंपते ही इशारा मिलने पर छापामार टीम ने गोदाम कीपर विजय को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से रिश्वत राशि 10 हजार रुपए बरामद हो गई। हाथ धुलवाने पर उसके हाथ लाल हो गए। स्टेट विजिलैंस ने महेंद्र की शिकायत पर गोदाम कीपर विजय के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर काबू कर लिया।

Naveen Dalal