स्टेट विजीलैंस ने एच.एस.वी.पी. एस्टेट ऑफिसर किया गिरफ्तार

9/9/2022 11:09:30 AM

करनाल : स्टेट विजीलैंस की टीम ने हुडा के एस्टेट ऑफिसर दीपक घनघस को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। टीम द्वारा आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड दौरान आरोपी ई.ओ. से आरोपी जे.ई. के माध्यम से ली जा चुकी पेमैंट बारे जानकारी हासिल की जाएगी। वहीं विजीलैंस की टीम द्वारा एस्टेट अधिकारी की गिरफ्तारी से विभागीय अधिकारियों में हड़कम्प मचा हुआ है, कई अधिकारियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। ई.ओ. पर आरोप है कि जे.ई. के माध्यम से कम्पलीशन सर्टीफिकेट जारी करने के नाम पर मोटी रकम लेता था। एच.एस.वी.पी ई.ओ. पर आरोप है कि रिश्वत कांड में पकड़े गए एच.एस.वी.पी. जे.ई. प्रद्युम्न सिंह के घर से रिकवर हुए 20 लाख रुपए में से 8 लाख रुपए एस्टेट अधिकारी को देने थे। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले ही कम्प्लीशन सर्टीफिकेट जारी करने के नाम पर 5 लाख रुपए ले चुके थे। इन पैसों में भी 25 से 30 प्रतिशत राशि ई.ओ. की होती थी। जांच अधिकारी ने बताया कि इस मामले में ई.ओ. से पूछताछ की जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके। 

विजीलैंस ने विभाग के 7 अधिकारियों-कर्मचारियों को भेजे नोटिस
स्टेट टीम द्वारा रिश्वतकांड मामले में 7 अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस भेजकर जांच के लिए बुलाया है। इनमें से करीब 2 कर्मचारी जांच में शामिल होकर बयान दर्ज करवाए हैं लेकिन बयान दर्ज करवाने वाले व अन्य अधिकारी-कर्मचारी अवकाश पर चले गए हैं। यही नहीं एक अधिकारी बीमार है, जो आई.सी.यू. में भर्ती है। 
 
ई.ओ. जे.ई. तो जे.ई. आर्टीटैक्ट के माध्यम से करता था वसूली
मामले में खुलासा हुआ है कि ई.ओ. जे.ई. के माध्यम से तो जे.ई. आर्टीटैक्ट के माध्यम से लोगों को सर्टीफिकेट के नाम पर अवैध वसूली करते थे। प्रति ग्राहक से 30 से 35 हजार रुपए वसूले जाते थे। जब मोटी रकम जमा हो जाती थी तो उसमें से करीब 25 प्रतिशत से अधिक राशि ई.ओ. तक पहुंचा दी जाती थी। जो राशि गिरफ्तार किए गए जे.ई. के घर से बरामद हुई है उसमें से 8 लाख रुपए ई.ओ. को पहुंचाने थे। 
 
विजीलैंस की टीम विभाग का पूरा डाटा खंगाल रही है। टीम जानने का प्रयास कर रही है कि रिश्वत का खेल कब से चल रहा है, इस कांड में और कौन से अधिकारी शामिल हैं। स्टेट विजीलैंस टीम के अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि ई.ओ. दीपक घनघस को नोटिस देकर कुरुक्षेत्र बुलाया था। पूछताछ बारे ई.ओ. को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार जे.ई. ने रिश्वत कांड में ई.ओ. का नाम लिया था। जांच में खुलासा होने पर ई.ओ. को गिरफ्तार किया है। 
 

Content Writer

Isha