मंत्री मूलचंद शर्मा का बयान, बोले- प्रदेश में कहीं नहीं हो रहा है अवैध खनन

6/26/2022 4:38:16 PM

रोहतक(दीपक):  हरियाणा सरकार पर खनन मामले में करोड़ों रुपए के घोटाले का आरोप लगाने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हरियाणा सरकार के खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने नसीहत दी है कि हुड्डा खुद आरोपी हैं इसलिए कोई भी आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांक ले। मूलचंद शर्मा का कहना है कि हरियाणा में अवैध खनन कहीं नहीं हो रहा। यही नहीं उन्होंने कहा के हरियाणा का परिवहन विभाग जल्द ही 5400 बसें रोडवेज के बेड़े में शामिल करने जा रहा है। ताकि हर जगह रोडवेज की बस पहुंच सके। हरियाणा सरकार के मंत्री मूलचंद शर्मा आज रोहतक में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे।

हरियाणा सरकार के खनन मंत्री मूलचंद शर्मा की माने तो हरियाणा में चाहे यमुना हो या अरावली कहीं भी अवैध खनन नहीं हो रहा है। क्योंकि मौजूदा हरियाणा सरकार में 1000 करोड़ से ज्यादा का रेवेन्यू वसूला जा रहा है। जो पिछली सरकारों के दौरान 400 करोड़ के आसपास होता था। मूलचंद शर्मा ने कहा कि जो भूपेंद्र सिंह हुड्डा डाडम खान वाले मामले में 5000 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगा रहे हैं वह खुद ही आरोपी हैं और ऐसे आरोपी को कोई भी आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। मौजूदा सरकार से पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार थी और वे अपने चहेतों को खनन के ठेके देते थे, जबकि आज कोई भी खनन का ठेका ले सकता है। अगर उन्हें घोटाला लग रहा था तो उस समय उन्होंने जांच क्यों नहीं की और प्रदेश सरकार के रेवेन्यू को क्यों नहीं बढ़ाया।

मूलचंद शर्मा के पास हरियाणा सरकार का परिवहन विभाग भी है, जिसे लेकर उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग में आने वाले 9 महीने में 5400 और नई बसें शामिल की जाएंगी। जिसमें इलेक्ट्रिक बसें भी होंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश के जिस क्षेत्र में बसों की जरूरत है वहां पर उसकी पूर्ति की जाएगी।

 
 

Content Writer

Isha