इनेलो युवा सचिव के घर चोरों की सेंध, उड़ाए 10 लाख के जेवरात(video)

6/8/2018 1:36:14 PM

सोनीपत (पवन राठी): सैक्टर-14 में युवा इनेलो के प्रदेश सचिव रवि दहिया के घर में घुसकर चोर करीब 10 लाख के आभूषण व हजारों रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय इनेलो नेता के परिजन जहां रिश्तेदारी में गए थे, वहीं वह रात को ओमैक्स सिटी स्थित अपने कार्यालय में रुक गए थे। रात को चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके पर फोरैंसिक की टीम को बुलाकर सबूत भी एकत्रित कराए हैं। पुलिस आसपास के सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाल रही है। 

सैक्टर-14 निवासी रवि दहिया ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य रिश्तेदारी में गए हैं। वह वीरवार को अपने साथी के साथ दिल्ली गए थे। वहां से लौटते हुए देर होने के चलते वह हाईवे पर ओमैक्स सिटी स्थित अपने कार्यालय में चले गए। वहीं पर रात को सो गए। सुबह वह अपने घर पहुुंचे तो सामान बिखरा मिला। उन्होंने देखा कि घर के अंदर से आभूषण व नकदी गायब हैं। जांच करने पर पता लगा कि चोर घर से करीब 30 हजार रुपए नकद, सोने की 3 चेन, 3 कंगन, गले का हार, पैंडल, मंगलसूत्र, कानों की 5 जोड़ी बालियां, 2 हीरे व 3 सोने की अंगूठी, करीब आधा किलो चांदी गायब मिली। उन्होंने देखा कि चोरों ने घर का सारा सामान बिखेर रखा है। मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने फोरैंसिक की टीम को बुलाकर सबूत भी जुटाए हैं। 

पड़ोसी ने रात को बंद की छोटे गेट की कुंडी 
रवि दहिया के पड़ोसी की आंख रात साढ़े 12 बजे खुली थी। उन्होंने देखा कि रवि दहिया के घर की बाहर की लाइट जली हुई है। साथ ही छोटा गेट भी खुला हुआ है। जिस पर उसने समझा कि रवि दहिया घर पर आए होंगे और गलती से दरवाजा बंद नहीं किया। जिस पर उसने छोटे गेट की कुंडी को बंद कर दिया। उसे क्या पता था कि अंदर चोर घुसे हुए हैं। 

पुलिस ने खंगाले सी.सी.टी.वी. फुटेज
चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने क्षेत्र में लगे सी.सी.टी.वी. भी खंगाले हैं। जिसमें कई में कोई खास सुराग नहीं लगा है। एक सी.सी.टी.वी. में युवक आता दिख रहा हैै लेकिन वह भी सी.सी.टी.वी.कैमरे को देखकर अपने हाथ से अपने चेहरे को ढंककर वहां से निकल गया। जिससे उसका चेहरा नहीं दिख सका। 
 

Nisha Bhardwaj