रिटायर्ड प्रिंसिपल के घर हथियारों के दम पर डकैती, दंपति को बंधक बनाकर लूटे जेवर(video)

1/6/2018 6:08:04 PM

यमुनानगर(सुमित अोबरॉय): यमुनानगर में एक रिटायर्ड प्रिंसिपल के घर में हथियारों के दम पर डकैती हुई। पांच नकाब पोश रसोई की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे अौर बुजुर्ग दंपति को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर घर में पड़ा कीमती सामान, पहने हुए गहने और 47 हजार की नकदी, चांदी की मूर्तियां लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पानीपत के एसडी कॉलेज से रिटायर प्रिंसिपल एमएल गुप्ता ने बताया कि वे यमुनानगर की कालिंदी कॉलोनी में रहते हैं। अलसुबह करीब 3 बजे 5 लोग उनके घर में घुस आए। सभी के हाथों में हथियार थे। उन्होंने पति-पत्नी को बंधक बना लिया और कोने में बैठा दिया। बदमाश बुजुर्ग दंपति से चाबी मांगकर 40 से 45 हजार के लगभग कैश, तीन-चार सोने की चूड़ियां, एक नया सैमसंग मोबाइल, पहने हुए ज़ेवर, कान की बालियां, चांदी के सिक्के, तीन चांदी की मूर्तियां ले गए।

आरोपियों ने प्रिंसिपल की पत्नी द्वारा पहनी गई अंगूठी भी निकालने की कोशिश की। अंगूठी निकालने के लिए उन्होंने सरसों का तेल लगाया जब अंगूठी नहीं निकली तो अंगुली काटने को तैयार हो गए। महिला आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाई तो उन्हें रहम आया और छोड़ दिया अौर फरार हो गए।

पुलिस ने पीड़ितों के बयान लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा अौर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।