सरकारी अस्पताल से चुराया नवजात टोहाना से बरामद

6/12/2019 11:04:22 AM

फतेहाबाद/टोहाना (ब्यूरो/वधवा): मंगलवार अलसुबह जिले के सरकारी अस्पताल से चोरी हुए नवजात बच्चे को टोहाना पुलिस ने चंडीगढ़ रोड रेलवे पुल के पास से बरामद किया है, वहीं आरोपी महिला को भी हिरासत में ले लिया है। ज्ञात रहे कि फ तेहाबाद के नागरिक अस्पताल में मंगलवार सुबह 5 बजे 3 दिन के नवजात बच्चे के चोरी हो जाने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया था।  बच्चे के चोरी होने से गांव हिजरावांखुर्द निवासी बच्चे की मां का बुरा हाल हुआ पड़ा था, वहीं चोरी की सूचना पाते ही स्वास्थ्य विभाग व पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया और तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच आरंभ कर दी। पुलिस की टीमें बच्चा चोर महिला की तलाश में जुट गई, वहीं मामले की सूचना पाकर एस.पी. विजय प्रताप ने भी अस्पताल का निरीक्षण किया।  बच्चा चोरी होने के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई है, वहीं अस्पताल में मौजूद चौकी के कर्मचारी व गार्ड भी सवालों के घेरे में हैं। 

यह था मामला
भूथनकलां की महिला राजप्रीत की 9 जून को नागरिक अस्पताल में डिलीवरी हुई  थी और एक लड़के को जन्म दिया। 2 लड़कियों के बाद लड़का होने से परिवार में खुशी थी। मंगलवार को महिला को छुट्टी मिलने वाली थी। सोमवार शाम को एक महिला 4 साल के बच्चे सहित अस्पताल में आई। महिला ने अपने आपको आशा वर्कर बताया। यह महिला सोमवार रात से ही इस बच्चे के साथ खेल रही थी। देर रात भी महिला अस्पताल में ही रही। परिजनों के अनुसार सुबह बच्चा 5 बजे उठ गया था। इस दौरान आरोपी महिला ने बच्चे को कुछ देर देने के लिए कहा। 

महिला बच्चे को गोद में उठाकर वार्ड से बाहर आ गई और फरार हो गई। करीब 15 मिनट तक महिला जब नहीं आई तो महिला ने अपने परिजनों को इसके बारे में सूचना दी। बच्चा चोरी होने की सूचना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। 
कैमरा फुटेज देखी गई तो उक्त महिला 5 बजकर 32 मिनट पर बच्चा लेकर जाती हुई दिख रही है। उसके साथ 4 साल का एक लड़का भी साथ जा रहा था। परिजनों ने सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब गार्ड था तो बच्चा कैसे चोरी हुए। जब इस बारे सिटी थाना इंचार्ज सुरेंद्र कम्बोज से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि युवती चरणजीत कौर के खिलाफ 363 के तहत किडनैपिंग का मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चे को सही सलामत परिजनों को सौंप दिया गया है।

टोहाना थाना प्रभारी ने बच्चे की बरामदगी के लिए बनाई थी टीम
जिला के नागरिक अस्पताल मे चोरी हुए बच्चे की बरामदगी को लेकर एस.पी. विजय प्रताप के दिशा-निर्देश पर फतेहाबाद सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्र कम्बोज, टोहाना थाना प्रभारी संजय कुमार, ए.एस.आई. साधुराम व अन्य अधिकारियों की एक टीम बनाकर क्षेत्र के चारों तरफ  नाके लगा दिए। आरोपी महिला जब बच्चे को लेकर चंडीगढ़ रोड पर पुल के नीचे पंजाब की तरफ  भागने की तैयारी कर रही थी तो जैसे ही थाना प्रभारी संजय कुमार को आरोपी महिला पर शक हुआ तो उपरोक्त पुलिस प्रशासन की टीम ने आरोपी महिला को काबू कर लिया और कड़ी पूछताछ करते हुए बच्चे को बरामद कर लिया। बताया गया है कि आरोपी महिला ने अपना मुंह ढका हुआ था। महिला की पहचान गुरुनानकपुरा निवासी चरणजीत कौर के रूप में हुई है।

Isha