पानीपत में कोयले की सप्लाई बंद करने सेे होगा बेहद नुकसान, प्रमोद विज की चिंता जायज: अशोक अरोड़ा

2/24/2022 12:27:40 PM

चंडीगढ़ (धरणी) : उत्तर भारत मे रिसेस पीरियड की पहली शुरुआत करने वाली हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर एवं कांग्रेस के कद्दावर-मुखर विधायक अशोक अरोड़ा ने विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की इस पहल की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों को बजट पेश होने के बाद उसे समझने का एक अवसर मिलेगा और उनके सुझावों से प्रदेश हित के कार्यों में गति आएगी।

साथ ही साथ पानीपत की औद्योगिक इकाइयों के सामने एनजीटी की गाइडलाइंस के अनुसार खड़े बड़े संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए अरोड़ा ने पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज की चिंता को जायज बताया है। अरोड़ा ने कहा कि जब तक सरकार प्राकृतिक गैसों (सीएनजी-पीएनजी) की पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर लेती तब तक कोयले की सप्लाई बंद करना एक बेमानी है। इससे प्रदेश के खजाने में बड़ा योगदान देने वाले पानीपत के उद्योग धंधे ठप हो सकते हैं, धंधों पर निर्भर लाखों लोग बेरोजगार हो सकते हैं, जल्दबाजी में किया गया फैसला काफी घातक साबित हो सकता है।

इस मौके पर पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने इस बजट सत्र के दौरान कांग्रेस द्वारा सत्तापक्ष को घेरने के लिए सबसे अहम मुद्दे बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और डेवलपमेंट चार्ज में की गई बढ़ोतरी को बताया है।अरोड़ा ने कहा कि आज हर शहर - कस्बे और गांव की सड़कें गलियां टूटी हुई है। सरकार से जुड़े लोग अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं। लेकिन कोई पूछने वाला नहीं है। इतने बड़े स्तर पर हुए रजिस्ट्री घोटाले में पटवारियों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। लेकिन मगरमच्छों को छोड़ा जा रहा है।

पंजाब से लगते जिलों में लगातार नशा तस्कर अपनी पकड़ बना रहे हैं। लेकिन शासन-प्रशासन मौन है। उन्होंने इस गंभीर और बेहद चिंतनीय विषय पर प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज से इस मामले में सख्त कदम उठाने की उम्मीद जताई है। साथ ही अरोड़ा ने कहा कि आज प्रदेश बेरोजगारी में नंबर वन पर खड़ा है। स्वास्थ्य विभाग में चाहे चिकित्सकों या पैरामेडिकल स्टाफ के पदों की बात हो तो रिक्त पड़े हैं। लोकल बॉडी में डेपुटेशन पर कर्मचारी मांगे जा रहे हैं। पक्की भर्तियां नहीं निकाली जा रही। इन मुद्दों को लेकर विधानसभा में कांग्रेस अपनी विपक्ष की भूमिका को ईमानदारी से निभाएगा।

अरोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार के 7 साल में लगातार प्रदेश पर कर्ज बढ़ा है। आज बजट का 60 फ़ीसदी रीपेमेंट आफ लोन-ब्याज और सैलरी-पेंशनों में चला जाता है। इसके लिए सरकार को अपने खर्चे घटाने चाहिए। तभी प्रदेश का विकास संभव हो पाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने पांच राज्यों चुनावों में प्रियंका वाड्रा की एंट्री के सुखद परिणाम आने की बात करते हुए कहा है कि वह कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव है, पूरे देश में वह एक लोकप्रिय नेता हैं और जिस जगह भी वह पहुंची भारी संख्या बल में लोग उन्हें सुनने आए। उनके रोड शो को देखकर यह साफ है कि निश्चित तौर पर पार्टी फायदा मिलेगा।

साथ ही अरोड़ा ने जल्द कांग्रेस के प्रदेश संगठन खड़े होने के बाद बताते हुए कहा कि इस समय चल रहे मेंबरशिप के अभियान के बाद ब्लॉक से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव होंगे। चुनाव जीते हुए उम्मीदवार एक मजबूत संगठन प्रदेश में खड़ा करेंगे। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता एकजुट होकर मेंबरशिप के अभियान को गति दे रहा है। साथ ही अरोड़ा ने प्रदेश सरकार से जल्द लंबित पड़े पंचायती और अर्बन लोकल बॉडीज चुनाव करवाने की मांग की है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Manisha rana