तूफान ने मचाई तबाही, राह चलते व्यक्ति पर गिरा पेड़, मौत

2/21/2020 9:23:37 AM

अम्बाला छावनी (जतिन) : तूफान के चलते अम्बाला-जगाधरी रोड पर बिजली का खम्भा सड़क पर गिर जाने की वजह से यातायात प्रभावित हो गया। करीब 20 मिनट तक वाहनों की कतारें सड़क पर लगी रहने के बाद बिजली निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तारें काटी और खम्भे को साइड में करवाने के बाद यातायात सुचारू करवाया। इसके अलावा कैंट के दीना की मंडी में भी लोहे की चद्दरें उड़कर घर के बाहर जा गिरी। 

गनीमत रही जिस समय लोहे की चद्दरें गिरी उस समय घर के बाहर कोई मौजूद नहीं था। बाजार में दुकानों के बाहर लगे फ्लैक्स बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गए। कैंट के गांव ब्राह्मण माजरा में भी पशुओं के बाड़े में डाली गई लोहे की चद्दरें उड़ गई। पशु मालिक सुनील कुमार ने बताया कि हवा इतनी तेज थी कि पता तक नहीं चला बाड़े से लोहे की चद्दरें कहां चली गई। सुनील ने बताया कि बिना चद्दरों के पशुओं को रात ठंड में बितानी पड़ेगी।

वहीं, दुखेड़ी रोड पर जा रहे एक व्यक्ति के ऊपर पेड़ गिर गया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को पेड़ के नीचे से निकालकर एम्बुलैंस को सूचना दी। इसके बाद एम्बुलैंस मौके पर पहुंची और घायल को कैंट के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। तेज हवाओं के कारण पूरा अम्बाला कैंट अंधेरे में तब्दील हो गया। कैंट के किसी भी क्षेत्र में बिजली की देर रात तक आपूर्ति नहीं हो पाई।

Isha