फ्रॉड इमिग्रेशन एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, केंद्र सरकार बनाए इमिग्रेशन फ्रॉड हेल्प सेल : एडवोकेट वासु रंजन
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 08:45 PM (IST)
चंडीगढ़ : काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन एवं सुप्रीम कोर्ट तथा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट वासु रंजन ने देशभर में बढ़ रहे इमिग्रेशन फ्रॉड पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से मांग की है कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष इमीग्रेशन फ्रॉड हेल्प सेल का गठन किया जाए, ताकि विदेश भेजने के नाम पर लोगों के साथ हो रही धोखाधड़ी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
एडवोकेट वासु रंजन ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ तथा उत्तर भारत के अन्य राज्यों में हजारों परिवार विदेश भेजने के नाम पर ठगी का शिकार हो रहे हैं। मेहनत-मजदूरी और वर्षों की बचत से जोड़ी गई लाखों रुपये की कमाई कुछ कथित इमिग्रेशन एजेंटों द्वारा हड़पी जा रही है, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को एक ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, जहां इमिग्रेशन फ्रॉड से संबंधित प्रत्येक शिकायत का निपटारा अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही दोषी पाए जाने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति आम नागरिकों की मेहनत की कमाई से खिलवाड़ न कर सके।
एडवोकेट वासु रंजन ने घोषणा की कि काउंसिल ऑफ लॉयर्स ऐसे पीड़ित परिवारों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के मामलों में निःशुल्क कानूनी सहायता भी प्रदान की जाएगी ताकि पीड़ित परिवार न्याय प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ इमिग्रेशन एजेंट द्वारा धोखाधड़ी की गई है, पैसा लेने के बावजूद कार्य नहीं किया गया है अथवा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, तो वह काउंसिल ऑफ लॉयर्स से संपर्क कर सकता है।
संगठन ऐसे मामलों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और कानूनी कार्रवाई में हरसंभव सहयोग करेगा। एडवोकेट वासु रंजन ने कहा कि किसी भी परिवार की पाई-पाई जोड़कर कमाई गई नेक कमाई को लूटने नहीं दिया जाएगा और इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)