नगर निगम कर्मचारियों को हर महीने 10 को मिलेगा वेतन, हड़ताल खत्म,
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 06:42 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मानेसर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव ने सफाई कर्मचारियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि कर्मचारियों को वैधानिक लाभ समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे। सामाजिक सुरक्षा योजना के अनुसार कर्मचारियों को एंप्लाॅयीज स्टेट इंश्योरेंस (ईएसआई), प्रोविडेंट फंड(पीएफ) का भुगतान भी नियमित रूप से हर महीने किया जाएगा। आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार से नियमित रूप से अपने कार्य पर लौटने की सहमति दी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मानेसर निगम क्षेत्र में कार्यरत रोड़ की सफाई करने वाले कर्मचारियों का दल अपनी मांगों को लेकर सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचा। यहां सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव ने सफाई कर्मचारियों से मिलकर भरोसा दिलाया कि उनकी वेतन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले महीने से सभी कर्मचारियों को हर माह की 10 तारीख तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन के अनुसार भुगतान किया जाएगा यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी।
प्रवीन यादव ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम की व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और अधिकारों का पूरा सम्मान किया जाएगा। भविष्य में वेतन भुगतान को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य केवल शहर को स्वच्छ रखना ही नहीं, बल्कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना है। सफाई कर्मचारियों के साथ पहुंचे यूनियन के पदाधिकारी गौरव टांक ने कहा कि सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव के आश्वासन के बाद उन्हें उम्मीद जगी है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होगा। उनकी मांगों पर सकारात्मक रूख अपनाने के बाद शहर के हित को ध्यान में रखते हुए काम पर लौटने का फैसला किया है।