प्रदेश में बदतर हो सकते हैं सफाई के हालात, कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी(Video)

9/6/2018 4:31:24 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): स्थानीय निकाय विभाग के सफाई कर्मचारी एक बार फिर से हड़ताल पर जा सकते हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार ने उनकी मांगों पर सहमति जताई थी लेकिन अभी तक मांगों को लागू नहीं किया है। अब कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को लागू नहीं किया गया तो 3 से 5 अक्तूबर को हड़ताल की जाएगी। कर्मचारियों ने मांगों को लेकर रोहतक में स्थित शहरी स्थानीय निकाय मंत्री मनीष ग्रोवर के कार्यालय पहुंच उन्हें ज्ञापन सौंपा है।

नगरपालिका कर्मचारी महासंघ की केंद्रीय कमेटी के सदस्य अशोक थोरिया ने बताया कि जब कर्मचारियों ने पहले हड़ताल की थी तो सरकार ने बातचीत के बाद सभी मांगों पर सहमती देते हुए हड़ताल को खत्म करवा दिया था। लेकिन आज तक भी मांगी गई मांगों को लागू नहीं किया गया है। इसी वजह से उन्हें मजबूरी में ये फैंसला लेना पड़ रहा है। 

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी कच्चे कर्मचारियों को पक्के करना, समान काम समान वेतन, वर्दी भत्ता, पेंशन की सुविधा देने की वे मांग कर रहे हैं। इसी को लेकर पहले हड़ताल की गई थी। लेकिन अब सरकार का रवैया देखते हुए फिर से 3 से 5 अक्तूबर को हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। अगर सरकार फिर भी नहीं मानी तो हड़ताल अनिश्चितकालिन होगी।

Rakhi Yadav