पराली जलाने वालों पर शिकंजा: हरियाणा में गठित हुआ ''पराली सुरक्षा बल'', कृषि मंत्री ने किसानों से की अपील
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 02:06 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा में पराली प्रबंधन के लिए किए जा रहे बेहतर कार्यों की केंद्र सरकार ने सराहना की है। मंगलवार को आयोजित दो-स्तरीय अंतर-मंत्रालयी बैठक में हरियाणा का पक्ष राज्य के कृषि मंत्री ने रखा। बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि राज्य में पराली जलाने वालों की कड़ी निगरानी के लिए 'पराली सुरक्षा बल' का गठन किया गया है।
राज्य में 37 लाख एकड़ धान के जरूरी क्षेत्र के प्रबंधन के लिए पराली प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, जिस पर लगभग 440 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि खर्च होगी। कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि इस राशि का 60 प्रतिशत हिस्सा केंद्र द्वारा वहन किया जाए, ताकि राज्य सरकार पर अत्यधिक वित्तीय बोझ न पड़े। केंद्र की मदद मिलने से अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ा जा सकेगा।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक से जुड़े। बैठक के बाद कृषि मंत्री ने किसानों से जोरदार आह्वान किया कि वे पराली में आग बिल्कुल न लगाएं, बल्कि राज्य सरकार की योजनाओं, प्रोत्साहन राशि और कृषि उपकरणों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इससे न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि भूमि की उर्वरता शक्ति भी बढ़ेगी।