प्रेम-प्रसंग में छात्र की पंजाब में हत्या, 2 भाइयों पर केस दर्ज

9/14/2018 11:30:24 AM

रतिया(झंडई): बुधवार रात को पंजाब क्षेत्र के कस्बा सरदूलगढ़ में प्रेम-प्रसंग के चलते रतिया क्षेत्र के गांव हड़ौली के एक छात्र की हत्या कर उसका शव सुनसान जगह पर फैंकने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मृतक छात्र प्रिंस के पिता गुरदीप सिंह की शिकायत पर सरदूलगढ़ के 2 भाइयों मक्खन सिंह व भजन सिंह के खिलाफ शव को खुर्द-बुर्द करने व हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

वहीं, वीरवार देर सायं छात्र का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक छात्र प्रिंस के पिता गुरदीप सिंह ने बताया कि उसका बेटा सरदूलगढ़ के एक निजी कालेज में बी.सी.ए. का छात्र था। बुधवार को वह गांव के ही 2 दोस्त संजू व हरपाल के साथ डेरे में जाने की बात कहकर घर से निकला था। उन्होंने बताया कि देर रात्रि को ही उनके दोस्तों ने बताया कि प्रिंस के पास सरदूलगढ़ से एक लड़की का फोन आया था और इसके बाद वे उसे सरदूलगढ़ छोड़कर आ गए थे। 

उसके दोस्तों के पास ही उसके बेटे का फोन आया था कि मक्खन सिंह व उसका भाई भजन सिंह उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद वीरवार तड़के जब वे प्रिंस की तलाश में सरदूलगढ़ की तरफ जा रहे थे तो रास्ते में बेअंत कालोनी के समीप उसके बेटे का शव पड़ा मिला, उसके शरीर पर गहरी चोट के निशान थे। 

उन्होंने पुलिस को उक्त दोनों भाइयों पर ही बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। सरदूलगढ़ थाना प्रभारी बलविंद्र सिंह सरां ने बताया कि मृतक के पिता के बयानों के आधार पर सरदूलगढ़ निवासी मक्खन व भजन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Rakhi Yadav