पंचकूला-शिमला हाईवे स्टंटबाजी पड़ी काफी महंगी...पुलिस ने ठोका 45,000 का चालान, दो वाहन जब्त
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 12:32 PM (IST)
पंचकूला : हरियाणा में पंचकूला-शिमला राजमार्ग पर चंडीमंदिर टोल प्लाजा के पास मोटरसाइकिल और स्कूटर पर खतरनाक स्टंट करने वाले दो चालकों का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पंचकूला पुलिस ने स्टंटबाजों पर 45,000 रुपये का भारी चालान लगाते हुए उनके दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पकड़े गए चालकों में से एक नाबालिग है। इसके अलावा वीडियो में दिख रहे अन्य स्टंटबाजों पर भी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त पंकज नैन ने ट्रैफिक पुलिस को हाईवे और शहर की प्रमुख सड़कों पर स्टंटबाजी व खतरनाक ड्राइविंग को रोकने के लिए नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए थे।
सूरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक ने वीडियो की गहनता से जांच कर मोटरसाइकिल और स्कूटर सवारों की पहचान की। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने एक वाहन पर 20,000 रुपये और दूसरे पर 25,000 रुपये का चालान कर कुल 45,000 रुपये का जुर्माना लगाया और दोनों वाहनों को सीज कर दिया। सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों चालकों को सूरजपुर ट्रैफिक थाने में बुलाकर सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने से जुड़े जोखिमों के प्रति उनकी काउंसलिंग की गई। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और अन्य युवाओं से ऐसी हरकत न करने की अपील की।