सुबेदार मेजर नरेश यादव का पार्थिव शरीर पहुंचा फर्रूखनगर, राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में हुए विलीन
punjabkesari.in Thursday, Nov 20, 2025 - 07:49 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): फर्रुखनगर के गांव डाबोदा के जवान सुबेदार मेजर नरेश यादव का पार्थिव शरीर वीरवार को उनके पैतृक गांव में पहुंचा। उनकी सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। प्रशासन की ओर से तहसीलदार सज्जन सिंह, थाना प्रभारी संतोष कुमार ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित किए। इसके अलावा अनेक नेताओं, समाज सेवी एवं प्रमुख लोगों ने भी पुष्पचक्र अर्पित किए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
सेना के जवान नरेश यादव का पार्थिव शरीर देखते ही गांव में शोक की लहर छा गई। शहीद की पत्नी अंजू देवी सहित परिजन पार्थिव शरीर से लिपटकर रोने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने जब तक सूरज चांद रहेगा, नरेश यादव तेरा नाम रहेगा, जय जवान जय किसान, वन्देमातरम् भारत माता की जय के नारे लगाए। शहीद की अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। शहीद सुबेदार को श्रद्धांजली अर्पित करने के बाद गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई। सेना के जवानों द्वारा शहीद के सम्मान में तीन राउंड फायर किए गए। नरेश यादव के पिता हरपाल यादव ने बताया कि नरेश का सपना शुरू से ही सेना में जाने का था। करीब 27 साल पहले वह सेना में भर्ती हुआ था।
नरेश यादव घटना से 2 महीने पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर गया था। वह सभी से मिलजुल कर जाता था। वह मिलनसार और शांत स्वभाव के लिए पूरे गांव में जाने जाते थे। नरेश अपने 20 वर्षीय बेटे आकाश को पीछे छोड़ गया। उसके पिता हरपाल किसान है। शहीद के पार्थिव शरीर के सम्मान में ग्रामीण बड़ी संख्या में अनाज मंडी फर्रुखनगर से डाबोदा गांव तक नारे लगाते हुए पहुचे। जिसमें बड़ी संख्या में बाइक सवार भी शामिल रहे। इस दौरान पटौदी की विधायक बिमला चैधरी, पूर्व उपप्रमुख संजीव यादव, जिला पार्षद यशपाल, पूर्व चेयरमैन दीपचंद पटौदी, नगरपालिका चेयरमैन बीरबल सैनी, पार्षद देवेंद्र शर्मा, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर तंवर, किसान नेता राव मानसिंह, कैप्टन कंवरलाल, स्वतंत्रता सेनानी परिवार से अनिल फाजिलपुर, लक्ष्मण यादव उर्फ बबलू, राजेंद्र फौजी, विश्व हिंदू परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र लंबरदार, सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार, भारतीय किसान संघ से महेश यादव, सतीश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।