खुद जेल जाने का ढिंढोरा पीट रहे हुड्डा, इसमें भाजपा का क्या दोष: बराला

6/2/2017 4:56:27 PM

टोहाना(सुशील सिंगला):बलियाला हैड से नहर के बीच बनने वाली सड़क का शिलान्यास कर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। इस दौरान बराला ने पूर्व सीएम हुड्डा, इनेलो पर जहां जुबानी वार किए वहीं केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलिब्धयों का भी बखान किया। बराला ने पूर्व सीएम द्वारा सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने के लगाए जा रहे आरोपों पर बोलते हुए कहा कि सरकार किसी भी प्रकार से बदले की भावना से काम नहींं कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में हुड्डा ने खुद कहा था कि सरकार में दम है तो जांच करके दिखाए। सरकार अभी जांच करवा रही है। जिसके चलते एफ.आई.आर. दर्ज हुई है, मामले की जांच अभी चल रही है। हुड्डा साहब स्वयं परिणाम दे रहे हैं कि वे दोषी हैं अौर जेल जाएंगे। यदि वे खुशी-खुशी जेल जाना चाहते हैं तो भाजपा इसमें कुछ नहीं करेगी। लेकिन वे विश्वास दिलाते हैं कि भाजपा कभी भी बदले की भावना से कार्रवाई नहीं करती है। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि इनैलो महज प्रदेश की जनता को भ्रमित करने के लिए तथा एस.वाई.एल. मामले पर दोनों प्रदेश के लोगों को भाईचारा खराब करने की राजनीति बना रही हैं। जब कानूनी लड़ाई प्रदेश सरकार ने जीत ली है तो इनेलो वाहनों को रोकने का ढकोसला क्यों कर रही है। बराला ने कहा कि प्रदेश की जनता जागरूक हो चुकी है तथा इनेलो की बातों में नहीं आएगी। 

बराला ने कुदनी गांव की महिला सरपंच द्वारा स्कूल में बच्चों के पढ़ाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने पढ़ी-लिखी पंचायत चुनने का जो फैसला लिया था, ये उसका ही सार्थक परिणाम है कि आज गांव की सरपंच शिक्षित होकर गांव का विकास करवा रही है।स्कूल में बच्चों को भी नि:स्वार्थ शिक्षा दे रही है। इस दौरान बराला ने कहा कि 5 जून को पूरे देश में पर्यावरण दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मनाया जाएगा टोहाना में भी वार्ड एक व दो में कार्यक्रम होगा जिसमे पेड़- पौधे भी लगाए जाएंगे। 

उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को ओर अधिक बेहतर बनाने के लिए उनकी सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। वे कहना चाहते है कि कानून व्यवस्था में सुधार हुआ भी है। अपराध का पूरा ग्राफ अभी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में बड़े अपराध करने वालो को राजनीतिक संरक्षण मिलता था। अब इस सरकार में न तो भ्रष्टाचारियों को संरक्षण मिलता है न ही अपराधियों को, जिसके चलते अपराध में लगाम लगाने में सरकार कामयाब हो पाई है।