भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का बेटा छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार

8/5/2017 3:28:11 PM

चंडीगढ़ (मनमोहन सिंह/उमंग श्योराण):हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को चंडीगढ़ पुलिस ने IAS अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। चंडीगढ़ सेक्टर 26 पुलिस थाने में विकास के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। घटना बीती देर रात करीब साढ़े 12 बजे की है। पीड़ित लड़की के बयानों के अनुसार विकास और उसके साथी ने चंडीगढ़ सेक्टर 7 पेट्रोल पंप से उसका पीछा करना शुरू किया। शराब के नशे में चूर आरोपियों ने अपनी कार उसकी कार के पीछे लगा ली। कार पर हाथ मारकर रोकने का प्रयास भी किया और काफी दूर तक उसका पीछा करते रहे। गौरतलब है कि विकास बराला कुरुक्षेत्र में एल.एल.बी. का स्टूडेंट है और उसका साथी एल.एल.बी. पास कर चुका है। 

कैसे हुए गिरफ्तार?
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ईस्ट सतीष कुमार ने बताया कि पीड़िता ने 100 नंबर पर छेड़छाड़ की शिकायत की थी। कंट्रोल रूम पर शिकायत मिलने पर तुरंत पुलिस हरकत में आ गई और दोनों आरोपियों को 26 सेक्टर ट्रांसपोर्ट चौक से पीछा करने के दौरान ही घेर कर गिरफ्तार कर लिया। सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके साथी शराब के नशे में चूर में थे। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन ले गई और छेड़छाड़ करने सहित शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया। 

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
लड़की छेड़ने के मामले में आरोपी विकास के खिलाफ सेक्टर 26 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। SDM के सामने कोर्ट में उन्हें पेश किया। 164 के अंतर्गत दिए गए बयानों के बाद पुलिस ने कुछ और धाराएं जो गैर जमानती है पिछली लगी हुई धाराओं के साथ जोड़ दी है, जिनमें 341 365 और 511 आई.पी.सी. शामिल हैं। इन धाराओं में 7 साल तक की सजा हो सकती है। पुलिस ने छेड़खानी के दौरान प्रयोग की गई गाड़ी भी अपने कब्जे में ले ली है। लड़की की पहचान पुलिस ने गुप्त रखी है।

पीड़िता ने चंडीगढ़ पुलिस का किया धन्यवाद
आरोपी के खिलाफ एफ.आई.आर दर्ज होने के बाद पीड़िता ने चंडीगढ़ पुलिस का  धन्यवाद किया है। इसके साथ ही उसने महिलाओं व युवतियों को संदेश देते हुए कहा कि अगर आपके साथ भी कुछ एेसा होता है तो डरे नहीं बल्कि गाड़ी का नंबर नोट करें और तुरंत पुलिस व परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दें।