शिक्षकों के लिए 'जेंडर सेंसिटिविटी' पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित, सुरक्षित और भेदभाव-मुक्त स्कूली माहौल बनाने पर जोर
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 04:01 PM (IST)
सोनीपत: सोनीपत में "जेंडर सेंसिटिविटी (लैंगिक संवेदनशीलता)" विषय पर एक इन-हाउस क्षमता निर्माण कार्यक्रम (CBP) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों में लैंगिक समानता, आपसी सम्मान, समावेशिता तथा एक सुरक्षित एवं भेदभाव-मुक्त विद्यालयी वातावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य रिसोर्स पर्सन सपना (RP147317) द्वारा किया गया। उन्होंने शिक्षकों को लैंगिक संवेदनशीलता के विभिन्न आयामों, समान अवसर तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास में शिक्षक की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी को लैंगिक समानता, सम्मान और समावेशी विद्यालयी वातावरण के महत्व के लिए प्रेरित किया। विभिन्न संवादात्मक गतिविधियों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से इस प्रशिक्षण सत्र को अत्यंत प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर थवामणि ने रिसोर्सपर्सन सपना द्वारा किए गए मार्गदर्शन तथा सभी शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में लैंगिक संवेदनशीलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अभिन्न अंग है। उन्होंने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं सकारात्मक विद्यालयी संस्कृति के निर्माण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल बताया।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार व अनुभव साझा किए। यह प्रशिक्षण सत्र सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं व्यावहारिक रहा। अंत में विद्यालय की प्रबंधक समिति के सम्मानित सदस्यों ने सीबीएसई रिसोर्सपर्सन सपना का आभार व्यक्त किया और सभी शिक्षकों के सक्रिय सहयोग की प्रशंसा की।