CM बदलने की अटकलों पर कटारिया का बयान, बोले- मुख्यमंत्री की छवि बिगाड़ने के लिए फैलाई जा रही अफवाह

12/11/2022 8:02:54 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा भाजपा ने प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने की अफवाह उड़ाने वालों को आड़े हाथों लिया है। कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल पिछले आठ साल से हर वर्ग की जनता के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उनके राजनीतिक विरोधियों खासकर विपक्ष के लोगों को यह रास नहीं आ रहा है। इन आठ सालों में मुख्यमंत्री के ऊपर न तो कोई अंगुली उठा सका है और न ही उनके दामन पर कोई दाग है। इस बात से पूरा विपक्ष चिंतित है और उन्हें लग रहा है कि 2024 में भी भाजपा की सरकार बनेगी तथा मनोहर लाल हरियाणा के मुख्यमंत्री होंगे। इसलिए वह सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने की ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। 

 

 भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हरियाणा में विपक्षी राजनीतिक दलों का ग्राफ दिन प्रतिदिन नीचे जा रहा है और भाजपा का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश हर रोज प्रगति के सोपान हासिल कर रहा है। हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई जन कल्याण की कई योजनाओं को न केवल केंद्र सरकार खासतौर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सराहा है, बल्कि भाजपा शासित राज्यों में उन्हें लागू भी किया गया है। सरकारी व जन कल्याण की योजनाएं लागू करने में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाला हरियाणा मॉडल राज्य बनकर उभरा है। यह बात मनोहर लाल के विरोधियों को रास नहीं आ रही थी। इसलिए उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को बदलने की अफवाह उड़ाई। 

 

 सुदेश कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वयं ही करनाल के ब्राह्मण सम्मेलन में इन अफवाह फैलाने वालों को करारा जवाब दे दिया है, लेकिन भाजपा ऐसे विरोधियों को बेनकाब कर सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जन-जन के नेता हैं। उन्हें हर बिरादरी के उत्थान की चिंता है। उनके पास किसी भी राजनीतिक दल का विधायक या नेता जनता के कल्याण के काम लेकर चला जाए तो वह करते हुए देर नहीं लगाए।

 

 भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जब विरोधियों को लगा कि मुख्यमंत्री से वह किसी मोर्चे पर नहीं जीत सकते तो उन्होंने अफवाह फैलाने के लिए सोशल मीडिया को अपना हथियार बनाने की कोशिश की, लेकिन वह भूल गए कि इसी हथियार से ऐसे लोग अपने हाथ स्वयं ही कटवा चुके हैं और मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहले से अधिक ताकतवर बनकर उभरकर सामने आए हैं। उन्हें प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ-साथ मोदी कैबिनेट के सीनियर मंत्रियों का आशीर्वाद प्राप्त है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

 

 

 

Content Writer

Gourav Chouhan