कांग्रेस ने महिलाओं को दिया सम्मान, भाजपा ने किया अपमान: भारद्वाज

10/20/2021 7:24:49 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी चाहे सत्ता में रहे और विपक्ष में रहे हर बार महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को अपमानित करने काम किया है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की घोषणा का स्वागत करते हुए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा ही नहीं देश की महिलाएं आज खुद को ठगा सा महसूस कर रही हैं। पिछले सात साल में जहां देशभर में महिलाओं के साथ होने वाली अपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है, वहीं बढ़ती महंगाई ने महिलाओं के लिए रसोई संभालना मुश्किल कर दिया है।

सुधा भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने अपने शासन में महिलाओं को राजनीतिक हिस्सेदारी के नाम पर केवल बयान दिए हैं, जबकि प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण देकर यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी ही महिलाओं की आवाज बुलंद कर सकती है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्षा नेटा डिसूजा ने भी हरियाणा दौरे के दौरान यह साफ कर दिया है कि हरियाणा में निकट भविष्य में होने वाले पंचायत तथा निकाय चुनावों में अधिक से अधिक महिलाओं को टिकट देकर उन्हें राजनीतिक रूप से मजबूत किया जाएगा। सुधा भारद्वाज ने हरियाणा की महिलाओं को सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा में महिलाएं अगर ठान लें तो मौजूदा सरकार का तख्ता पलट होना तय है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar