सुधा भारद्वाज अब हरियाणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष होंगी, हाईकमान का जताया आभार

6/23/2021 7:28:14 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा महिला कांग्रेस की अब सुधा भारद्वाज अध्यक्ष होंगी। बुधवार को अध्यक्ष पद की नियुक्ति की घोषणा की गई। वह सुमित्रा चौहान के भाजपा में चले जाने के बाद अभी तक कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार देख रही थी। सुधा भारद्वाज ने अपनी इस नियुक्ति पर राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव सहित शीर्ष नेताओं का आभार व्यक्त किया है। 



उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने उनमें जो विश्वास जताया है वह उस पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास करेंगी। वह अपनी पूरी टीम के साथ प्रदेश महिला कांग्रेस को और मजबूती देने के लिए जी तोड़ मेहनत करेंगी तथा प्रदेश में महिलाओं की राजनीति में भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पार्टी की नीतियों से अवगत कराते हुए उन्हें कांग्रेस के साथ जोड़ने का काम करेंगी। सुधा ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के उत्पीड़न के जिस तरह से मामले दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं पार्टी आने वाले दिनों में इसके खिलाफ भी संघर्ष करेगी।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar