आत्महत्या या साजिश? हथिनीकुंड बैराज के पास मिला युवक का शव, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 03:12 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज के पास पश्चिमी यमुना नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। हथिनीकुंड बैराज से करीब 100 मीटर की दूरी पर ताजेवाला हेड पर काम कर रहे कर्मचारियों ने नहर में लोहे की जाली के पास एक शव फंसा हुआ देखा। जैसे ही कर्मचारियों की नजर शव पर पड़ी, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में युवक की उम्र करीब 28 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। थाना प्रभारी रोहतास कुमार के मुताबिक शव करीब 2 से 3 दिन पुराना हो सकता है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस आसपास के इलाकों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि युवक नहर में कैसे पहुंचा? क्या यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी हुई है? पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है। मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि पहचान होते ही परिजनों से संपर्क किया जाएगा। इस घटना ने पूरे इलाके में डर और सनसनी का माहौल बना दिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)