सफाई कर्मचारियों को समर्थन देने धरने पर पहुंचीं सुनैना चौटाला, बोलीं- एकजुट होकर डटे रहो, INLD हर कदम पर आपके साथ है
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 03:24 PM (IST)
अंबाला (चंद्र मोहन) : इनेलो की महिला प्रभारी श्रीमती सुनैना चौटाला प्रदेश महासचिव शीश पाल जनधेडी, प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह, जिला प्रधान जगमाल सिंह रोलों और अन्य साथियों के साथ आज सफाई कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर दिए जा रहे धरने पर नगर परिषद अंबाला छावनी पहुंचीं और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाकर सरकार के मंत्रियों और नेताओं के घर के आगे गेरे, तुरंत आपकी मांगे मानेगी सरकार। सफाई कर्मचारी समाज को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन सरकार उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है।
श्रीमती सुनैना चौटाला ने कहा कि सफाई कर्मचारी अकेले नहीं हैं। इनेलो का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपनी मांगों को लेकर एकजुट रहें और किसी भी दबाव में पीछे न हटें।
उन्होंने कहा कि सरकार को सफाई कर्मचारियों के साथ किए गए 13 मई के समझौते को पूरी तरह लागू करना चाहिए और कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को बिना किसी शर्त के स्वीकार करना चाहिए। सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते को पूरी तरह लागू किया जाए। सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों को तत्काल स्वीकार किया जाए। कर्मचारियों को समय पर वेतन एवं अन्य देय लाभ दिए जाएं। कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण, वर्दी, जूते और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सफाई कर्मचारियों से निर्धारित कार्य के अलावा अनावश्यक अतिरिक्त काम न लिया जाए। कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए।
सुनैना चौटाला ने कहा, “जो कर्मचारी पूरे शहर को साफ रखने का काम करते हैं, उनके घरों में अगर समस्याओं का अंबार लगा हो तो यह सरकार की संवेदनहीनता है। सफाई कर्मचारियों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनके साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए और उनकी सभी मांगों को स्वीकार करना चाहिए।”
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं करती तो आंदोलन को और तेज करने के लिए इनेलो कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखें।
चौटाला ने कहा कि “इनेलो का एक-एक कार्यकर्ता सफाई कर्मचारियों के साथ हर समय उपलब्ध रहेगा। सरकार को यह समझना होगा कि सफाई कर्मचारियों की अनदेखी करके प्रदेश की जनता के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।”
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और उनकी जायज मांगों की लड़ाई में इनेलो पीछे नहीं हटेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सरकार तक उनकी आवाज बुलंद की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)