सुपरिटेंडेंट इंजीनियर अशोक सुसाइड मामले में नया मोड़, पत्नी पर केस दर्ज

5/5/2018 11:46:22 AM

हिसार (पंकेस): गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में अधीक्षक अभियंता अशोक अहलावत द्वारा आत्महत्या करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता ने बेटे के आत्महत्या मामले में पुत्रवधू को दोषी ठहराते हुए केस दर्ज करवाया है। आरोप है कि अधीक्षक अभियंता अहलावत अपनी पत्नी के कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था। इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र अशोक अहलावत अपनी पत्नी जो गुजवि में ही सहायक प्रोफैसर के पद पर कार्यरत है, से परेशान रहता था। 

ससुरालजनों के आने पर करती थी प्रताड़ित
शिकायत में आरोप लगाया कि पुत्रवधू घर पर ससुरालजनों के आने पर प्रताड़ित कर धमकी देती। इस कारण से कई दिनों से मानसिक परेशान रहता। जिसके चलते अशोक को आत्महत्या करने पर मजबूर कर दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अशोक की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। 

मामले की जांच  शुरू : दीपेन्द्र
गुजवि में स्थित चौकी इंचार्ज दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीरवार शाम को अधीक्षक अभियंता के शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। हालांकि उनका पैतृक गांव झज्जर जिले में डीघल हैं लेकिन उनके पिता कुरुक्षेत्र में रहते हैं। 

पत्नी ने पति की परेशानी ससुर की बीमारी बताया था
इस मामले में पहले पत्नी एवं गुजवि की सहायक प्रोफैसर वनीता ने अपने पति की मौत का कारण ससुर की बीमारी से परेशान होना बताया था। पुलिस को दिए बयान में पत्नी ने कहा था कि उसके ससुर को कैंसर की बीमारी है। जिसको लेकर उसका पति अक्सर परेशान रहता। 

क्या था मामला 
वीरवार दोपहर को अधीक्षक अभियंता अशोक अहलावत का शव गुजवि में स्थित आवास में फंदे पर लटका मिला था। उस वक्त परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सबसे पहले खाना बनाने के लिए आए कुक ने उन्हें कमरे के अंदर फंदे पर लटका हुआ देखा था। उसके बाद अन्य कर्मचारियों को जानकारी दी। 
 

Nisha Bhardwaj