सुरेन्द्र तिवारी ने भाजपा छोड़कर थामा कांग्रेस का हाथ, विज ने की थी निष्कासन की सिफारिश

12/23/2018 5:01:24 PM

अंबाला(अमन कपूर): अंबाला कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष व मौजूदा कैंटोनमेंट बोर्ड पार्षद सुरेंद्र तिवारी ने आज विधिवत रूप से भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। तिवारी नेहरियाणा प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री निर्मल सिंह की अगुवाई में कांग्रेस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। तिवारी ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज से नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा छोडऩे का ऐलान किया।

सुरेन्द्र तिवारी व मौजूद कैंटोनमेंट बोर्ड उपाध्यक्ष अजय बवेजा की आपसी लड़ाई के बाद तिवारी से नाराज कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने तिवारी को भाजपा से निष्कासन की सिफारिश की थी। बवेजा से झगड़े के बाद तिवारी को जेल भी जाना पड़ा था और अपने बोर्ड उपाध्यक्ष पद से भी हाथ धोना पड़ा था।



तिवारी के निष्कासन का मामला अभी अधर में ही था कि इसी बीच एक बार फिर तिवारी ओर अनिल विज में दूरियां कम हो गई थी। तभी सरकार के आदेश पर अम्बाला केंट रेस्ट हाउस के प्रथम तल निर्माण कार्य के सेम्पल भरवाए गए और बाद में जांच में सेम्पल फेल हो गए। रिपोर्ट आने पर उनकी फर्म के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया, जिसमें इस फर्म की प्रोपराइटर तिवारी की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज हो गया। इसी बात से गुस्साए तिवारी ने पत्नी व अपने सैकड़ों साथियों सहित निर्मल सिंह की अगुवाई में आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। 



कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद सुरिंदर तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केबिनेट मंत्री अनिल विज की सेवा करते उन्हें 20 साल से ज्यादा का समय हो गया लेकिन "आज छोटी सी बात पर मुझे घर छोडऩा पड़ा, और उसके बाद घर तोडऩा पड़ा"। तिवारी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है जैसे विज ने जीतने के बाद मुझे दुत्कारा लेकिन निर्मल मेरा साथ देंगे। तिवारी ने कहा पूरे हरियाणा और अंबाला की जनता को पता है कि उन्होंने भाजपा को अलविदा क्यों कहा? तिवारी ने कहा कि कोई भी परिवार, कोई भी सदस्य इस प्रकार से अपने घर को नहीं छोड़ता, बहुत से कारण होते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे मान सम्मान पर आंच आने लगी तो मुझे भाजपा से अलग होना पड़ा। 

सुरेंद्र तिवारी के भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिंह और महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता चित्रा सरवारा ने उनका स्वागत किया। इन नेताओं ने सुरेंद्र तिवारी को विश्वास दिलाया कि की पार्टी में उनको पूरा मान-सम्मान मिलेगा और उनके कद के अनुसार उनको उनको पार्टी में पद भी दिया जाएगा।

Shivam