जातिवाद के नाम पर प्रदेश को तोडऩे वाली सरकार से जनता दुखी: सुरजेवाला

12/29/2018 4:55:27 PM

उकलाना (पासाराम): कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया चेयरमैन रणदीप सिंह सुरजेवाला ने उकलाना में खट्टर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता जातिवाद से उब चुकी है। खट्टर सरकार ने जातिवाद के नाम पर प्रदेश को तोडऩे का काम किया है, सबका उत्पीडऩ हो रहा है, सभी लोग इस सरकार से दुखी हैं। सुरजेवाला शनिवार को उकलाना में कांग्रेस नेता बृजलाल बहलबलपुरिया के आवास पर पहुंचे थे, यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरजेवाला का स्वागत किया।

सुरजेवाला ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और कांग्रेस पार्टी में मेहनत करने पर बृजलाल बहबलपुरिया की पीठ थपथपाई और कहा कि ऐसे मेहनती लोगों को ही कांग्रेस पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों में टिकटें देकर मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि उकलाना, बरवाला, जींद, नरवाना, उचाना की जनता ने उन्हें हमेशा हर घड़ी में साथ लेकर आगे बढ़ाने का काम किया है। इलाके की राजनीतिक मदद से आगे बढ़ा हूं, इसलिए इस इलाके का मैं हमेशा ऋणी रहूंगा। उन्होंने कहा कि जैसे तीन राज्यों में बदलाव आया है, उससे भी बड़ा बदलाव हरियाणा में आएगा।



ग्रुप डी का पेपर खट्टर सरकार का पूरा मंत्रीमंडल भी पास नहीं कर सकता: सुरजेवाला
सुरजेवाला ने कहा कि ग्रुप डी का पेपर बहुत कठिन था। इस ग्रुप डी के पेपर को खट्टर का पूरा मंत्रीमंडल भी पास नहीं कर सकता है। बच्चों को परेशान किया गया। पुलिस भर्ती में भी बच्चों को परेशान किया जा रहा है। तीन युवकों की मौत तक हो चुकी है। भाजपा सरकार में नौकरियां नीलाम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कर्ज माफी से भाग रही है। जब सरकार एक लाख करोड़ का कर्ज ले सकती है तो फिर दस लाख का कर्जा माफ क्यों नहीं किया जा रहा है? यदि सरकार चाहे तो दो किस्तों में कर्ज को माफ किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री के पंजाबी पर होने पर की कड़ी टिप्पणी
सुरजेवाला ने सीएम खट्टर द्वारा निगम चुनावों में पंजाबी मुख्यमंत्री कहने पर कहा कि मुख्यमंत्री की कोई जाति नहीं होती है, जातिपाति के आधार पर वोट लेने वालों के लंबे सपने पूरे नहीं होंगे। 

Shivam