राष्ट्रवाद का चोला ओढ़ भाजपा कर रही सेना पर सियासत : सुर्जेवाला

3/4/2019 1:55:56 PM

पुन्हाना (ब्यूरो): कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुर्जेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक झूठे राष्ट्रवादी हैं जो राष्ट्रवाद का चोला ओढ़कर हमारे सैनिकों के बलिदान पर राजनीति कर रहे हैं। देश के लोगों को सेना पर गर्व है। 56 इंच का सीना कहने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में अब तक 492 सैनिक शहीद हुए हैं। रणदीप सुर्जेवाला रविवार को पुन्हाना अनाजमंडी में पी.सी.सी. सदस्य इब्राहिम इंजीनियर द्वारा आयोजित परिवर्तन रैली को सम्बोधित कर रहे थे। 

कांग्रेस नेता रणदीप सुर्जेवाला ने कहा कि लूट, झूठ, ठगी व भष्ट्राचार भाजपा के 4 शब्दों की परिभाषा है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने चुनावों से पहले हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपए डालने का वायदा किया था। देश के 28 करोड़ लोगों के बैंकों में खाते खुलवाए गए लेकिन किसी के खाते में 15-15 रुपए तक नहीं आए। केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार झूठे वायदे, ठगी के इरादे, भष्ट्राचार व लूट को बढ़ावा देने वाली सरकार है। 

सुर्जेवाला ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने चुनावों से पहले देश के 2 करोड़ युवाओं को प्रतिवर्ष रोजगार देने का वायदा किया था लेकिन भाजपा ने इन 56 महीनों में केवल 8 लाख युवाओं को नौकरियां दी हैं जिससे देश में 6 प्रतिशत, हरियाणा में 12 प्रतिशत बेरोजगारी बढ़ी है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश का 80 लाख करोड़ रुपए का काला धन देश में वापस लाने का वायदा किया था लेकिन देश में काला धन तो वापस नहीं आया, बल्कि नीरव मोदी, ललित मोदी, विजय माल्या सहित कई लोग देश के करोड़ों रुपए लेकर भोग गए। उन्होंने कहा कि जब वह उद्योग मंत्री थे तो मेवात में मारुति के कारखाने लगाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन भाजपा सरकार बनते ही मेवात में बेरोजगारी को बढ़ावा देते हुए इस परियोजना को गुजरात भेज दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मेवात में यूनिवॢसटी की स्थापना की जाएगी, स्कूलों में अध्यापकों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। बिना डाक्टरों के चल रहे अस्पतालों में अनुबंध के आधार पर डाक्टरों की नियुक्ति कर यहां के लोगों को बेहतर सुविधा दी जाएगी।  

Shivam