सुरजेवाला की हुड्डा को चेतावनी, कहा- ड्योढ़ी पर सरकार की चौधर आने के बाद कराएंगे ताकत का एहसास

1/14/2024 3:07:40 PM

कलायत: कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला ने इशारों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बड़ा सियासी प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जो स्वयं को ज्यादा स्याणा समझते हुए उत्तरी हरियाणा के लोगों की शराफत को कमजोरी समझने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें ड्योढ़ी पर सरकार की चौधर आने के बाद ताकत का एहसास करवाया जाएगा।

वह कलायत के गांव बालू में हरियाणा किसान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष धर्मवीर कौलेखां के आयोजन- संयोजन में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। किसान-मजदूर बचाओ इस रैली में धर्मवीर कौलेखां ने सुरजेवाला को महाराष्ट्र से विशेष रूप से तैयार करवाई गई बैलगाड़ी भेंट की। रैली में जुटी भीड़ से सुरजेवाला गदगद नजर आए।

रैली पंडाल में बिजली माफी की आवाज उठी। इस पर सुरजेवाला ने कहा कि इलाके में सरकार की चौधर आने के बाद किसान, मजदूर व मेहनतकश वर्ग की इस समस्या का भी हल किया जाएगा। सभी जानते हैं कि बिजली मंत्री होते हुए उन्होंने 2700 करोड़ के बकाया बिजली बिलों को माफ किया था। उन्होंने एच.सी.एस. की भर्ती में भाजपा सरकार द्वारा हरियाणा निवासी की अनिवार्यता को समाप्त करने को चिंताजनक विषय बताया। उन्होंने व्यंग्य कसते कहा कि यदि ऐसा होगा तो क्या सरकार पाकिस्तान व अफगानिस्तान से एच.सी.एस. अधिकारियों की भर्ती करेगी। सुर्जेवाला ने कहा कि युवाओं व मजदूर वर्ग के साथ-साथ भाजपा सरकार भद्दा मजाक कर रही है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal