अमरीका के प्रवासी भारतीय व्यवसायी नरेंद्र जोशी से मिले सुशील गुप्ता, अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन के बारे में विस्तार से हुई चर्चा

3/6/2024 6:45:34 PM

कुरुक्षेत्र: करीब तीन दशक पूर्व धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की धरती से जाकर अमरीका के वाशिंगटन डी.सी., वर्जीनिया, मैरीलेंड, बोस्टन सहित विभिन्न राज्यों में सफल व्यवसाय स्थापित करने वाले अप्रवासी भारतीय व्यवसायी नरेंद्र जोशी आजकल भारत में ही हैं। उनकी मुलाकात लोकसभा चुनाव 2024 के चलते कांग्रेस एवं आम आदमी पार्टी गठबंधन के उम्मीदवार तथा राज्य सभा सांसद रहे सुशील गुप्ता से हुई।

नरेंद्र जोशी ने सुशील गुप्ता से चर्चा में पूछा कि वे कुरुक्षेत्र लोकसभा चुनावों में भगवान श्री कृष्ण के मुखारविंद से उत्पन्न गीता की जन्मस्थली तथा अंतर्राष्ट्रीय महत्व तीर्थों की संगम स्थली कुरुक्षेत्र के लिए क्या योजनाएं लेकर चल रहे हैं। इस मौके पर कुरुक्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय महत्व एवं पर्यटन के बारे में भी नरेंद्र जोशी ने अपने दिल की पीड़ा जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर अमरीका से कुरुक्षेत्र पहुंचते है। उनके साथ आस्ट्रेलिया, कनाड़ा, इंग्लैंड, जर्मन इत्यादि विभिन्न देशों से साथी होते हैं।

कुरुक्षेत्र गीता जयंती महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव का भी दर्जा दिया गया है। अब विदेश में भी कार्यक्रम आयोजित करने के दावे किए जाते हैं। जोशी से बात करते हुए सुशील गुप्ता ने कहा कि केवल अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के नाम से सरकार की जिम्मेवारी पूरी नहीं होती है। जिस तरह दिल्ली एवं देश के अन्य शहरों में प्रतिदिन भारी संख्या में विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे ही कुरुक्षेत्र में गीता जयंती महोत्सव के साथ प्रतिदिन कुरुक्षेत्र में विदेश से यात्रियों एवं पर्यटकों को आना चाहिए। यह तभी संभव है कुरुक्षेत्र में विदेशी पर्यटकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के होटल, हवाई सेवा, पर्यटन सेवा, यातायात इत्यादि उपलब्ध होंगे। सुशील गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर कुरुक्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य होंगे।

Content Writer

Isha