नाबालिगा की संदिग्ध मौत मामलाः चिता से हड़ियां निकाल एफ.एस.एल. टीम ने लिए सैंपल

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 09:44 AM (IST)

गन्नौर : गांव चटिया औलिया में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में एफ.एस.एल. टीम ने चिता की राख व अन्य अवशेषों से सैंपल जुटाकर जांच के लिए लैब भेज दिए। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल से घर लौटने के कुछ देर बाद ही लड़की की मौत हो गई थी। नाबालिग के गले पर चोट के निशान दिखाई दिए थे जिसके बाद गांव में हत्या की आशंका जताई गई।

शुरूआत में परिवार की ओर से तबीयत खराब होने की बात कही गई लेकिन जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किए जाने से ग्रामीणों का शक और गहरा गया। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना सरपंच जसबीर को दी। सरपंच ने तुरंत पुलिस को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। पुलिस जब तक गांव पहुंची तब तक शव का अंतिम संस्कार किया जा चुका था। इसके बाद पुलिस ने श्मशानघाट पहुंचकर चिता की राख और अस्थियां कब्जे में लीं। सरपंच की शिकायत पर गन्नौर थाना पुलिस ने नाबालिग की मां और उसके दूसरे पति के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नाबालिग अपनी मां के पहले पति की संतान थी। महिला कई वर्ष पहले दूसरी शादी के बाद अपनी तीनों बेटियों को साथ लेकर गांव चटिया औलिया में रह रही थी। दूसरी शादी से महिला को एक बेटा व एक बेटी है। पहली शादी से हुई एक बेटी की करीब एक वर्ष पहले संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूब कर मौत हो गई थी और अब दूसरी बेटी की भी संदिग्ध मौत के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। ए.सी.पी. ऋषिकांत ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला बार-बार अलग-अलग बयान दे रही। कभी मौत का कारण पेट दर्द बताया तो कभी काला पीलिया बीमारी मामले की गहनता से जांच जारी है और एफ.एस.एल. रिपोर्ट आने की प्रतीक्षा है जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static