स्वीप अभियान ने पकड़ा जोर, दीवारों पर ग्रेफिटी द्वारा वोटर्स को किया जा रहा जागरूक

4/5/2019 10:05:17 AM

रेवाड़ी(महेंद्र भारती): लोकसभा चुनावों में मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए प्रशासन ने स्वीप गतिविधियों के तहत ग्रेफिटी अभियान चलाया है। जिसके अनुसार जिला सचिवालय व शहर की बाहरी दीवारों पर ग्रेफिटी कराकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। दीवारों पर मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए प्रेरक स्लोगन लिखे गए हैं।



उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा लोकतंत्र के उत्सव में हर मतदाता महत्वपूर्ण है तथा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य को लेकर जिला में विभिन्न प्रकार की स्वीप गतिविधियां चलाई जा रही हैं। जिनमें ग्रेफिटी यानि दीवारों पर चित्रकला करके उनको सजाना तथा साथ में संदेश भी देना, एक तरीका है।



इसी प्रकार की ग्रेफिटी अभी चारदिवारी पर भी शुरू की गई है। सरकारी भवनों की लंबी व बड़ी दीवारों पर ग्रेफिटी करके दीवारों को सजाने के साथ साथ लोगों को मतदान के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।इसके अलावा, जिला प्रशासन द्वारा जिला में पब्लिसिटी वैन भी चलाई जा रही है। इस वैन के चारों ओर वोट बनवाने संबंधी जानकारी दी गई है।



वहीं नुक्कड नाटक, वीडियो वैन, जिंग्लस व सोशल मीडिया जैसे फेसबुक व ट्विटर पर फोटो व वीडिया शेयर करके तथा जिला सचिवालय के बाहर व हेल्प डेस्क पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाताओं को जागरूक कर अधिक से अधिक मतदान करने के लिए हर प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

kamal