हरियाणा की बेटी का कमाल: 12 वर्षीय तैराक सरेना सरोहा ने एशियाई एज ग्रुप चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 09:47 AM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : हरियाणा की होनहार तैराक, सरेना सरोहा, ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। गुरुग्राम की महज 12 वर्षीय तैराक सरेना ने बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित होने वाली 12वीं एशियाई एज ग्रुप चैंपियनशिप 2026 के लिए क्वालीफाई करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
सरेना ने आधिकारिक क्वालीफिकेशन ट्रायल्स के दौरान अपने आयु वर्ग में देश के सर्वश्रेष्ठ परिणाम दर्ज किए। बैकस्ट्रोक इवेंट्स में उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा, जो उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है। सरेना ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में 30.67 सेकंड और100 मीटर बैकस्ट्रोक में 1:06.63 मिनट का समय दर्ज किया। सरेना की इस उपलब्धि पर खेल जगत में खुशी का माहौल है।
हरियाणा तैराकी संघ के प्रधान सांसद धर्मबीर सिंह ने सरेना को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। वंही हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन और स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष एवं हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव, अनिल खत्री ने सरेना को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी हैं।
अनिल खत्री ने कहा, "यह हरियाणा के लिए तैराकी का स्वर्णिम समय है। हमारे तैराक आजकल बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि बहुत जल्द हरियाणा के खिलाड़ी भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक दिलाकर गौरवान्वित करेंगे।" 12 साल की उम्र में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना सरेना की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं। आने वाले समय में, एशियाई एज ग्रुप चैंपियनशिप में सरेना के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी, जहां वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ पदक की प्रबल दावेदार के रूप में उतरेंगी। सरेना की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद, पूरे राज्य को उम्मीद है कि वह थाईलैंड में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)