स्वाइन फ्लू पर भिड़े स्वास्थ्य मंत्री व कांग्रेस विधायक

2/28/2019 10:44:34 AM

चंडीगढ़(बंसल /पांडेय): विधानसभा में आज स्वाइन फ्लू के मुद्दे पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और कांग्रेस विधायकों के बीच जमकर तकरार हुई। कांग्रेस सदस्यों ने जब कहा कि पूर्व विधायक अशोक कश्यप की स्वाइन फ्लू से मृत्यु हुई है तो विज ने नकारा कि गलत बोल रहे हैं, किसी ने भी अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि उनकी मृत्यु स्वाइन फ्लू से हुई है। विज ने कहा कि यह बीमारी हाथ मिलाने से ज्यादा फैलती है तो इस पर करण दलाल ने कटाक्ष किया कि विज की न बीवी है और न बच्चा। हाथ मिलाने से कैसे दूर रहा जा सकता है।  करण दलाल ने विज को सलाह दी कि अधिकारियों को नियंत्रित कीजिए, कोई नहीं सुनता।

डाक्टर मरीजों को गंभीरता से नहीं लेते और उनकी मंथली बंधी हुई है। विभाग के अधिकारी दलाली में लगे हुए हैं। गीता भुक्कल ने कहा कि मंत्री हंस रहे हैं, जबकि यह एक गंभीर मुद्दा है। कांग्रेस विधायक ललित नागर ने कहा कि विभाग द्वारा दिए गए आंकड़े झूठे हैं, क्योंकि अधिकांश लोग सरकारी अस्पताल पर भरोसा न करके प्राइवेट अस्पतालों में जाते हैं, जहां उनकी मृत्यु हो जाती है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में वैंटीलेटर उपलब्ध नहीं हैं। विधायक उदयभान ने कहा कि प्राइवेट अस्पताल यह जानकारी छिपाते हैं कि मरीज की मौत स्वाइन फ्लू से हुई है।

सभी सिविल सर्जन को दिए हैं निर्देश 
विज ने कहा कि सभी सिविल सर्जन्स को इन्फ्लूएंजा ए एच1 एन1 के मामलों के प्रबंधन के लिए उचित दिशा-निर्देश दिए गए हैं। स्वाइन फ्लू के नमूनों के परीक्षण के लिए पी.जी.आई.एम.एस. रोहतक, पी.जी.आई.एम.आर. चंडीगढ़ तथा एन.सी.डी.सी. नई दिल्ली जैसी शीर्ष प्रयोगशालाओं को 72 घंटे में रिपोर्ट सुनिश्चित करने को कहा गया है। 
 

Deepak Paul