हरियाणा में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई चिंता, महज 24 घंटे में 8 नए केस मिले; स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 02:08 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में स्वाइन फ्लू ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। महज 24 घंटे में हरियाणा में स्वाइन फ्लू के 8 नए केस सामने आए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 3 केस अकेले यमुनानगर से हैं। तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने के बाद सिविल अस्पताल में अलग वार्ड तक तैयार करना पड़ा है। दो मरीज ग्रामीण क्षेत्र से हैं, जबकि एक मरीज शहरी क्षेत्र का बताया जा रहा है।
यमुनानगर में मौसम बदलते ही स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। सिविल अस्पताल में तीन मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। सीएमओ डॉ. जितेंद्र के मुताबिक, दो महिलाओं और एक पुरुष में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। सबसे बड़ी चिंता यह है कि हरियाणा में पिछले 24 घंटे के दौरान 8 नए केस सामने आए हैं और इनमें 3 केस यमुनानगर के हैं। यानी राज्य में सामने आए नए मामलों में यमुनानगर की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। मौसम में बदलाव के साथ फ्लू जैसे लक्षण बढ़ने की आशंका रहती है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।
सीएमओ ने कहा है कि लोग भीड़भाड़ वाली जगहों पर चेहरे पर मास्क का इस्तेमाल करें और अगर तबीयत बिगड़ती नजर आए तो इसे हल्के में न लें, बल्कि समय रहते जांच करवाएं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की नजर तीनों मरीजों पर है और अस्पताल में संक्रमण से बचाव को लेकर अलग व्यवस्था की गई है।