धमकियों से तंग रॉकी मित्तल ने मांगी जैड सिक्योरिटी (VIDEO)

1/30/2019 10:49:38 AM

गोहाना(अरोड़ा): सी.एम. के एक और सुधार कार्यक्रम के प्रोजैक्ट डायरैक्टर रॉकी मित्तल ने मंगलवार को अपने लिए जैड सिक्योरिटी मांगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पर बनाए उनके ताजा गाने सोशल साइट्स पर धूम मचाए हुए हैं जिससे भड़क कर उन्हें जान से मारने तक की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी दबाव या धमकी के आगे झुकने वाले नहीं हैं और जल्दी ही कांग्रेस की नई महासचिव प्रियंका गांधी की राजनीतिक एंट्री पर भी गीत पेश कर देंगे।
रॉकी मित्तल ने राहुल गांधी के संसद में बार-बार आंख मारने व नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान से सम्बंधों को लेकर गाने बनाए हैं जिन्हें उन्होंने स्वयं लिखा-गाया और अपने पर ही फिल्माया है। 

उनके अनुसार भड़के कांग्रेसी पंजाब में तो जगह-जगह उनके पुतले भी फूंक रहे हैं। राहुल पर गाने में पहने सूट की कीमत लाखों में होने के आरोप का जवाब देते हुए मित्तल ने कहा कि यह सूट उनका अपना नहीं, उनके महम निवासी दोस्त अमीर सहारण का है जिसे वह ईरान से 1600 डॉलर में लाए हैं। 

सी.एम. से नाराज पर पी.एम. से नहीं
एक बार अपने पद से इस्तीफा दे चुके रॉकी मित्तल ने बेहिचक माना है कि वह सी.एम. से नाराज हैं, पर साथ में जोड़ा कि उनकी पी.एम. से कोई नाराजगी नहीं है। उनके अनुसार उनकी क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल नहीं हुआ तथा यदि उन्हें पावर्स दी गई होतीं, वह और ज्यादा सुधार ला सकते थे। एक और सुधार के प्रोजैक्ट डायरैक्ट रॉकी मित्तल ने कहा कि यदि भाजपा ने मौका दिया, वह कुरुक्षेत्र से संसदीय चुनाव लडऩा चाहेंगे।
 

Deepak Paul