विवाह में हथियारों का शौक ले रहा लोगों की जान

1/2/2018 1:04:04 PM

कैथल(ब्यूरो):वैवाहिक समारोहों में गोलियां दागना भले ही उन लोगों का शौक रहा है जिनके पास लाइसैंसी हथियार हैं लेकिन अनेक मौत के बाद जोश में होश गंवाने की यह घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। जागरूकता कहीं भी नजर नहीं आ रही। 2 दिन पहले चीका पैलेस में गोली लगने से दूल्हे की मौत हो गई जो स्विट्जरलैंड से सात फेरे लेने आया था। घटना के बाद फिर बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकारी फरमानों को दरकिनार क्यों किया जा रहा है। चीका की इस घटना में मारे गए विक्रम के परिजनों का दर्द तो बांटे से भी नहीं बंट सकता लेकिन यह एक ऐसा मौका है जब हरियाणा सहित सभी राज्यों की पुलिस को सख्त बर्ताव करना होगा। इसके साथ नए कानून प्रावधान लाने होंगे जो दंडनीय हों, फिलहाल धारा 144 बचावात्मक प्रावधान है।

प्रदेश में लगाई गई है पाबंदी
भटिंडा में विवाह समारोह में गोली चलने से डांसर की हुई मौत के बाद हरियाणा सरकार ने विवाह समारोहों में हथियार लाने पर पाबंदी लगा दी थी। उस समय के गृह सचिव रामनिवास ने बाकायदा बयान जारी कर यह निर्देश पुलिस को दिए थे कि यह सुनिश्चित हो कि शादियों में ऐसे हथियार न पहुंचें। यदि कोई मिले तो बचावात्मक कार्रवाई हो और हथियार जब्त किया जाए परंतु इन आदेशों की आज तक अनुपालना नहीं हुई।

अार्म्स डीलर्ज कर रहे मनमानी
लाइसैंसधारी केवल 25 कारतूस ही खरीद सकता है परंतु शस्त्र बेचने वाली दुकानों पर कोई रोक-टोक नहीं। मनचाहे तरीके से वह कारतूस बेच रहे हैं जिस कारण प्रचलन अधिक हो रहा है और हादसे घटित हो रहे हैं।

सक्रिय लाइसैंसों की स्थिति
देश के गृह मंत्रालय ने 3 अक्तूबर, 2017 को जो आंकड़े शस्त्र लाइसेंसों के बारे में जारी किए थे यह 31 दिसम्बर, 2016 तक की लाइसैंस गणना पर आधारित हैं। देश में 33,69,000 शस्त्र लाइसेंस हैं जबकि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 12.77 लाख हैं। दमन दीव, ददरा नगर हवेली में देश में सबसे कम 125 शस्त्र लाइसेंस हैं। राज्यवार स्थिति इस प्रकार है।

एक्टिव शस्त्र लाइसेंसों का आंकड़ा 
राज्य                      संख्या
पंजाब                    3,59,349
हरियाणा                1,41,926
मध्यप्रदेश               2,47,130
उत्तर प्रदेश               12,77,914

बी.एस.संधू, डी.जी.पी. हरियाणा
राज्य पुलिस चीका प्रकरण की जांच कर रही है जिसमें सभी पहलुओं को शामिल किया है। प्रदेशभर में पुलिस को पुन: निर्देशित किया है कि वह तमाम शादी समारोह स्थलों या पैलेसों में सरकारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करें। यदि कोई पुलिसकर्मी अथवा परिजन दोषी पाया तो हम तमाम नियमों व कायदों के अनुसार कार्रवाई करेंगे किसी प्रकार का हस्तक्षेप सहन नहीं किया जाएगा।

शादी में हुई घटनाओं का ब्यौरा
 30 अप्रैल, 2016 को हिसार में लोगों के घेरे के बीच दूल्हे पर अनजाने में दागी गई गोली जानलेवा साबित हुई।
 1 मई, 2016 को मेवात में हुए शादी समारोह में 13 साल की लड़की की गोली लगने से मौत हुई।
16 नवम्बर, 2016 को करनाल में एक शादी समारोह में साध्वी देवा ठाकुर और उनके सहयोगियों ने गोलियां चलाई तो एक महिला की मौत हो गई और 3 अन्य लोग घायल हो गए।
 5 दिसम्बर, 2016 को पंजाब के भटिंडा में 25 वर्षीय गर्भवती डांसर उस समय मारी गई जब बाराती ने दोनाली बंदूक हवा में चलानी चाही लेकिन वह सीधे डांसर को लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
 6 दिसम्बर, 2016 को गुजरात के बोताद जिले में शादी समारोह में चली गोली से 20 वर्षीय युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया जिसकी बाद में मौत हो गई।
 19 दिसम्बर, 2016 को दिल्ली के नागलोई में 27 साल का युवक ऐसी ही घटना में बेमौत मारा गया।
 4 दिसम्बर, 2017 को दिल्ली में एक सुरक्षा कर्मी की विवाह में चली गोली से युवक की मौत हो गई।
 25 फरवरी, 2017 को एक विवाह समारोह के बाहर ग्रुप क्लेश में चली गोली से 1 की मौत और 2 घायल हो गए।
26 अप्रैल, 2017 को गुजरात में एक पाटीदार के विवाह समारोह में हवा में चलाई जाने वाली गोली जानलेवा साबित हुई।
 7 अप्रैल, 2014 को रोहतक में दीपक नामक युवक की मौत भी इसी प्रकार की घटना की गवाह बन गई।
 कई साल पहले कैथल के ही गांव पूंडरी में विवाह कार्यक्रम के दौरान चली गोली से एक युवक मारा गया था।