‘भारत के मन की बात-मोदी के साथ’ नामक राज्यव्यापी अभियान की शुरूआत

2/5/2019 10:46:16 AM

गुडग़ांव(गौरव): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुग्राम से हरियाणा के लिए ‘भारत के मन की बात-मोदी के साथ’ नामक राज्यव्यापी अभियान की शुरूआत की और अभियान के अंतर्गत ‘संकल्प रथयात्रा’ को झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, विधायक उमेश अग्रवाल सहित सैंकड़ों नेता मौजूद रहे। 

सी.एम. ने कहा कि जनता की सहभागिता से भारत के भविष्य का संकल्प पत्र तैयार हो, इसके लिए रथयात्रा के माध्यम से जनता से सुझाव लिए जाएंगे। इस उद्देश्य को लेकर देश में 300 हाईटैक रथों की यात्रा 3 फरवरी को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिल्ली से शुरू की गई जिसमें हरियाणा को भी 5 रथ मिले हैं। दिल्ली से रविवार को रवाना हुए सभी एल.ई.डी. लगे रथ देश के अलग-अलग प्रदेशों में जाएंगे। हरियाणा में 5 रथ पूरे प्रदेश में घूमेंगे। 2 लोकसभा क्षेत्र पर एक रथ होगा, जिनके माध्यम से लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। प्रधानमंत्री या मंत्री ही नहीं आम जनता से भी कोई अच्छा सोच सकता है इसलिए इस संकल्प रथ यात्रा के माध्यम से 10 करोड़ लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। उनके मन की बात आएगी कि वह देश के बारे में क्या सोचते हैं। रथयात्रा के अलावा दूरभाष नंबर 6357171717 पर मिस्ड कॉल करके भी अपने सुझाव दिए जा सकते हैं। मिस्ड कॉल देने वाले व्यक्ति से संपर्क किया जाएगा और उसके सुझाव लिए जाएंगे। 

आम जनता के सुझाव प्राप्त करने के लिए देश में 7500 सुझाव पेटियां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में रखी जाएंगी। हरियाणा में सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक सुझाव पेटी रखी जाएगी। यह अभियान 2 मार्च तक चलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 12 फ रवरी को कुरुक्षेत्र में आ रहे हैं, जहां पर ‘महिला सशक्तिकरण की बात-मोदी के साथ’ नामक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 
 

Deepak Paul