सोशल मीडिया पर तंवर के नाम से वीडियो वायरल, अशोक ने EC में दी शिकायत, कई विपक्षियों के नाम शामिल

4/11/2024 8:29:32 AM

हरियाणा डेस्क : हरियाणा में लोकसभा चुनावों की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। चुनावी दंगल में तमाम राजनीतिक दलों ने अपने-अपने पहलवान उतारने शुरु कर दिए हैं। भाजपा ने प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट में अशोक तंवर का भी नाम शामिल है, जिन्हें सिरसा लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है। अशोक तंवर के नाम से वायरल वीडियो के विरोध में तंवर ने चुनाव आयोग में शिकायत दी है। उन्होंने कई लोगों के नाम से शिकायत दी है। जिनमें आप, कांग्रेस, इनेलो पार्टियों के कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल है। 

अशोक तंवर का राजनीतिक इतिहास  

डॉ. अशोक तंवर का जन्म 12 फरवरी 1976 को झज्जर के गांव चिमनी में एक साधारण परिवार में हुआ था। उनके पिता भारतीय सेना में रहे हैं।उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से इतिहास में एमए, एमफिल और पीएचडी की डिग्री हासिल की। साल 1999 में उन्हें एनएसयूआई का सचिव और साल 2003 में प्रधान बनाया गया। इसके बाद कांग्रेस पार्टी में अनेक पदों रहे। अशोक तंवर राहुल गांधी के बेहद करीबी नेताओं में से एक रहे हैं, लेकिन हरियाणा में बतौर कांग्रेस अध्यक्ष तंवर और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच दरार पड़ने के चलते तंवर को कांग्रेस पार्टी छोड़नी पड़ी थी। 

हरियाणा में बड़ा दलित चेहरा हैं तंवर

हरियाणा में अशोक तंवर एक बड़ा दलित चेहारा बन चुके हैं। उनके पास संगठन एवं चुनाव प्रबंधन का लंबा अनुभव है। वे कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। 2009 में वह कांग्रेस पार्टी में रहते हुए सिरसा से सांसद बने इसके बाद उन्होंने सिरसा में तीन चुनाव लड़े, लेकिन जीत नहीं मिली। लंबे समय से राजनीति में सक्रिय होने के कारण उनका कई सीटों पर प्रभाव  है। एक असरकारक और ऊर्जावान नेता हैं। युवाओं सहित सभी वर्गों में उनकी प्रभावी पैठ है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Manisha rana