तंवर की साइकिल यात्रा 31 को चौटाला गांव से होगी शुरू

5/30/2018 10:07:53 AM

चंडीगढ़(बंसल): हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारों के विरुद्ध हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा का 31 मई को सिरसा जिले के चौटाला गांव से आरंभ होने वाले दूसरे चरण का कार्यक्रम आज घोषित कर दिया गया।

कांग्रेस सेवा दल के मुख्य संगठक लालजी देसाई, पूर्व मंत्री रणजीत सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद चौ. ईश्वर सिंह सहित अनेक बड़े केंद्रीय नेता तथा हरियाणा के कई पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पिछले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी, महिला कांग्रेस-एन.एस.यू.आई.-युवा कांग्रेस-आई.टी. सैल आदि अग्रिम संगठनों, विभाग-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता व सामाजिक कार्यकर्ता यात्रा के शुभारंभ पर चौटाला गांव पहुंचेंगे। लालजी देसाई स्वयं भी चौटाला से कालांवाली तक पहले दिन साइकिल यात्रा में शामिल भी होंगे।

तंवर पांच विधानसभा के 200 से अधिक गांव से होकर करीब साढ़े तीन सौ किमी का सफर तय करेंगे। तंवर 31 मई से 4 जून तक सिरसा जिले की सभी पांच विधानसभा क्रमश: डबवाली, कालांवाली, रानियां, ऐलनाबाद तथा सिरसा को कवर करेंगे। हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा का 4 जून को सिरसा अनाज मंडी में आयोजित जनसभा के साथ समापन होगा।

Rakhi Yadav